बड़े धोखे हैं देह के इस बाजार में, विश्वास नहीं तो गाजियाबाद के व्यापारी का हाल जान लीजिए
Lachhipur Deh Trade Market गाजियाबाद का व्यापारी काम के सिलसिले में आसनसोल आया था। वह रंगरेलिया मनाने लच्क्षीपुर चला गया। बिल एक लाख रुपये से ज्यादा का बन गया। देने में आनाकानी की तो दलालों ने आनलाइन जबरन चार लाख रुपये ट्रांसफर कराया। फिर उस्तूरा मार घायल कर दिया।
जागरण संवाददाता, धनबाद/ आसनसोल। मनबहलाव और मनोरंजन के लिए मुजरापट्टी और देह व्यापार की मंडियों में जाने वालों से जुड़ी यह खबर है। सावधान हो जाइए। मन-मिजाज को ठीक रखिए नहीं तो आपके साथ भी नई दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाद के व्यापारी के साथ जैसा हुआ हो सकता है। लूट-पिट जाएंगे। पुलिस भी कुछ नहीं कर पाएगी। और बदनामी के डर से आप भी न्याय की लड़ाई नहीं लड़ पाएंगे। गाजियाबाद के व्यापारी से झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित लच्छीपुर में देह व्यापार में शामिल लड़कियों के आदमियों ने जबरन चार लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उस्तूरा मारकर जख्मी कर दिया।
व्यापारी के पास एक लाख था नकद
पश्चिम बंगाल के कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फाड़ी अंतर्गत लच्छीपुर में रंगरेलियां मनाने आए ग्राहकों से वहां के एक दुकानदार ने तीन लाख रुपया जबरन अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। इसके पहले वह एक लाख रुपये ले चुका था। जिसके साथ यह घटना हुई, उसे उस्तूरा भी मारा गया। उसका इलाज पुलिस स्थानीय स्तर पर करा रही है। खबर है कि गाजियाबाद का एक व्यक्ति लच्छीपुर आया था। रंगरेलिया मनाने के बाद व्यापारी का बिल चार लाख रुपये से ज्यादा बना दिया गया। लेकिन उसके पास एक लाख रुपये थे। उसने ये रुपये दे दिए। बाकी पैसा नहीं होने की दुहाई दी, लेकिन देह व्यापारियों ने उसकी एक न सुनी। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात में घटी।
तीन लाख रुपये का आनलाइन ट्रांसफर
देह व्यापार में शामिल लड़की के आदमियों ने व्यापारी को अपने कब्जे में लिया। जबरन उसके मोबाइल में आनलाइन बैंक ट्रांसफर का एप खुलवाया और अपने खाते में तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। खबर यह भी है कि उस व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत की। हालांकि पुलिस का कहना था कि छिनतई का मामला तो आया है, लेकिन कितने की छिनतई हुई है, यह बताना मुश्किल है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा।