माफिया संरक्षण के सवाल पर भिड़े सांसद और पूर्व मंत्री, गिरफ्तारी की मांग पर पीएन ने बच्चा पर किया पलटवार Dhanbad News
धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के हत्यारों तथा उनके सरदार से धनबाद के सांसद जेल में मिलने जाते हैं। अब बाघमारा में आंतक का राज कायम करने वाले ढुलू को संरक्षण दे रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। कोयलांचल में माफिया संरक्षण के सवाल पर पूर्व मंत्री बच्चा सिंह और धनबाद के सांसद पीएन सिंह भिड़ गए हैं। पूर्व मंत्री ने भाजपा सांसद पर माफिया संरक्षण का आरोप लगाते हुए गिरफ्तार करने की मांग की है। पलटवार करते हुए सांसद पीएन ने कहा है कि बच्चा न बताएं कि काैन रंगदार औ काैन सरदार है ? ध्यान रहे कि बच्चा सिंह माफिया के रूप में चर्चिच सूरजदेव सिंह के छोटे भाई हैं।
पूर्व मंत्री व श्रमिक नेता बच्चा सिंह ने धनबाद के सांसद पीएन सिंह पर गंभीर टिप्पणी की है। उन्होंने सांसद को हत्यारों व रंगदारों के सरदारों का संरक्षक बताया है। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रशासन से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। पूर्व मंत्री ने कहा है कि यदि सांसद अपराधियों को बचाने के कृत्य में शामिल हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। सोशल मीडिया पर जारी बच्चा सिंह के इस बयान से कोयलांचल की राजनीति में हलचल मच गई है। पीएन सिंह ने भी आरोपों पर करारा जवाब दिया।
बच्चा सिंह का बयान : धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के हत्यारों तथा उनके सरदार से धनबाद के सांसद जेल में मिलने जाते हैं। अब ये रंगदारों के सरदारों के सरदार, जिसके आतंक से बाघमारा-कतरास क्षेत्र के व्यापारी आतंकित रहे हैं, गरीब आउटसोर्सिंग कंपनियों के मजदूरों की मजदूरी छिन गई है, के संरक्षण में उतरे हैं। इससे साबित होता है कि धनबाद, झरिया, कतरास, बाघमारा क्षेत्र में जितनी भी हत्या, लूट कोयला चोरी, रंगदारी, बटमारी, दादागीरी हुई है, ये सबके संरक्षक ही नहीं, भागीदार भी हैं। यही कारण है जब प्रशासन इनके अधीनस्थ कार्यरत हत्यारों, गुंडों, रंगदारों तथा दादाओं के खिलाफ कार्रवाई करती है तो सबसे ज्यादा बेचैनी इन्हें होती है।
बच्चा न बताएं कि कौन रंगदार, कौन सरदार
आरोपों पर पलटवार करते हुए पीएन सिंह ने कहा कि बच्चा न बताएं कि कौन रंगदार और कौन सरदार है। कौन, कब, किससे मदद मांगा, यह सभी जानते हैं। बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो प्रकरण पर बयान का सवाल है तो साफ है कि सरकार बदले की कार्रवाई कर रही है। एक ही आदमी से दो आवेदन कराए गए। एक में महिला का जिक्र नहीं और सरकार बदलते ही जो दूसरा आवेदन लिया गया, उसमें महिला के कपड़े फाडऩे की बात लिखवाई गई। यह क्या है? सरकार बदली तो क्या, फांसी चढ़ा देगी? ढुलू हमारी पार्टी के एमएलए हैैं। पांच साल हमारे साथ काम किए हैैं। उनके खिलाफ दुर्भावना से कार्रवाई होगी तो बोलेंगे। बच्चा सिंह कांग्रेस पार्टी की लाइन पर बोल रहे हैैं। हमारा इतना कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो। दोषी न हो तो छोड़े, दोषी मिले तो कार्रवाई करे। इसमें गलत क्या है।