Dhanbad Weather Forecast: कोहरे की चादर में लिपटी शहर की सुबह, फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
Dhanbad Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार चार-पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। धनबाद और इससे सटे पड़ोसी जिलों का तापमान 8-9 के बीच रहेगा। इससे सर्दी बरकरार रहेगी पर मौसम शुष्क रहेगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के मौसम पर अफगानिस्तान की बर्फीली हवाओं का प्रभाव अब भी बना हुआ है। अफगानिस्तान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के बादलों की वजह से धनबाद के आसमान में घने कोहरे का पहरा रह रहा है। इस हफ्ते अफगानी बादलों से पीछा छुड़ाना मुश्किल होगा क्योंकि अफगानिस्तान के साथ-साथ पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। यही वजह है कि सुबह के तकरीबन 10 बजे तक घना कोहरा छाने के साथ सर्द हवा कड़ाके की ठंड का अहसास करा रही है। दिन चढ़ने के साथ धूप खिल रही है।
सोमवार सुबह-सुबह भी धनबाद शहर में कोहरे का धुंध छाया हुआ है। सुबह सात बजे भी अंधेरा-सा नजारा था। कोहरे के कारण सड़क पर चलने वाले वाहनों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। सामने के वाहन नहीं दिख रहे थे। सुबह-सुबह बत्ती जलाकर और धीमी गति से चालक वाहन चला रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चार-पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। धनबाद और इससे सटे पड़ोसी जिलों का तापमान 8-9 के बीच रहेगा। इससे सर्दी बरकरार रहेगी पर मौसम शुष्क रहेगा। धनबाद में पिछले दो दिनों से कुछ ज्यादा ही ठंड पड़ रही है। हवा में कनकनी है। इससे ठंड अपना अहसास कराती है।
गुरुवार तक का संभावित तापमान
- सोमवार-अधिकतम 26 न्यूनतम 8
- मंगलवार-अधिकतम 26 न्यूनतम 9
- बुधवार-अधिकतम 25 न्यूनतम 9
- गुरुवार-अधिकतम 25 न्यूनतम 9