डोंट वरी धनबाद ! अब उड़कर चेन्नई-मुंबई जाने के लिए पड़ोस से मिलेंगे विमान
दुर्गापुर-मुंबई-दुर्गापुर और दुर्गापुर-चेन्नई-दुर्गापुर रूट पर जून के प्रथम सप्ताह से हवाई सेवा शुरू होगी। यहां से प्रतिदिन एक-एक बोइंग 737 विमान मुंबई व चेन्नई के लिए जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद में हवाई सेवा शुरू करने की मांग भले ही पूरी नहीं हो पा रही है लेकिन यहां के लोगों के लिए अच्छी खबर है। पड़ोस में दुर्गापुर स्थित काजी नजरूल हवाई अड्डा से अब चेन्नई व मुंबई की हवाई सफर शुरू करते हैं। दोनों जगहों के लिए दुर्गापुर अंडाल से जून से सीधी विमान सेवा शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी उड़ान तृतीय योजना के तहत निजी क्षेत्र की स्पाइसजेट कंपनी उक्त दोनों जगहों के लिए विमान सेवा शुरू करेगी। आसनसोल-दुर्गापुर समेत आसपास के इलाके के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें अब हवाई सेवा के लिए कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा। धनबाद और दुर्गापुर स्थित हवाईअड्डा के बीच की दूरी करीब साै किलोमीटर है।
काजी नजरूल हवाईअड्डे से हैदराबाद और दिल्ली की हवाई सेवा पहले से चालू है। सोमवार को आसनसोल में केंद्रीय सार्वजनिक उद्योग राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद बाबुल सुप्रियो और स्पाइसजेट के अधिकारी देवाशीष साहा ने बताया कि दुर्गापुर-मुंबई-दुर्गापुर और दुर्गापुर-चेन्नई-दुर्गापुर रूट पर जून के प्रथम सप्ताह से हवाई सेवा शुरू होगी। यहां से प्रतिदिन एक-एक बोइंग 737 विमान मुंबई व चेन्नई के लिए जाएगा। दोनों जगहों का किराया एक सामान करीब 3700 रुपये होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि काजी नजरूल एयरपोर्ट को और विकसित करने के लिए यहां से देश के अन्य जगहों के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा। वहीं स्पाइसजेट के साहा ने कहा कि हमारा उद्देश्य मुंबई व चेन्नई ही नहीं बल्कि लोगों को वहां से दूसरे क्षेत्रीय जगहों पर पहुंचाने के लिए इंटर कनेक्टिविटी हवाई सेवा पर भी होगा। इसलिए विमान उडऩे का समय उसी ढंग से निर्धारित किया जाएगा।