Jharkhand : बकरा मारने पर दो दलित युवकों की पेड़ पर बांधकर पिटाई, मुखिया समेत 18 पर प्राथमिकी
गिरिडीह में बकरा चुराने के आरोप में ग्रामीणों ने दो दलित युवकों की पेड़ में बांधकर पिटाई की। इस मामले में थानीय मुखिया बालेश्वर यादव समेत 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड के गिरिडीह जिले में बकरा चुराकर काटने के आरोप में ग्रामीणों ने दो दलित युवकों की पेड़ में बांधकर पिटाई की थी। इस मामले में पीड़ित युवकों की शिकायत पर स्थानीय मुखिया बालेश्वर यादव समेत 18 लोगों के खिलाफ मुफस्सिल थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, इसी गांव की महिला शकुंतला देवी ने दोनों के खिलाफ बकरा चोरी कर काटकर खा जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों प्राथमिकी शनिवार देर शाम दर्ज कराई गई। इस मामले में रविवार को एसपी अमित रेणु जांच के लिए घघरडीहा गांव पहुंचे हैं।
दरअसल, 29 जुलाई को मुफस्सिल थाना अंतर्गत घघरडीहा गांव में बकरा चुराकर काटने के आरोप में ग्रामीणों ने दो दलित युवक परमानंद दास एवं शंकर दास की पेड़ में बांधकर पिटाई की थी। वहीं, पीड़ित युवकों का कहना है कि 28 जुलाई को उसके फसल को बकरा खा रहा था। दोनों ने बकरा को खदेड़ दिया। बाद में बकरा को यादव परिवार के लोगों ने खुद ही मार दिया। इसके बाद बकरा मारने का आरोप लगाते हुए दोनों को घर से निकाल कर एक पेड़ में बांध दिया। इस दौरान पंचायत हुई जिसमें उनसे जबरन कहलाया गया कि दोनों ने बकरा को मारा है। उनपर जुर्माना भी लगाया गया। उनपर कई लोगों ने थूका। दोनों के बांधे जाने की सूचना पर मुखिया भी पहुंचे और पंचायत के बाद दोनों को छोड़ा गया।
इधर, दूसरे पक्ष की तरफ से शकुंतला देवी ने दोनों युवकों पर बकरा काटने का आरोप लगाया है। कहा कि दोनों युवकों ने बकरा की चोरी की है। इस मामले को लेकर पंचायत हुई थी। पंचायत में मामला सलट गया था। दलित उत्पीड़न का आरोप गलत है। वहीं मुखिया बालेश्वर यादव ने कहा कि 28 जुलाई को बकरा काटने की शिकायत मिली थी। 29 जुलाई को पंचायत हो रही थी। पंचायत में काफी भीड़ हो गयी तो कुछ लोगों ने जबरन दोनों युवकों को पेड़ से बांध दिया। उन्होंने तुरंत ही दोनों को बंधन मुक्त करवा दिया था। इस दौरान किसी भी तरह दोनों युवकों को प्रताड़ित नहीं किया गया। राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया है।
जिस दिन पंचायत हो रही थी, उसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को थाना भी लाया गया था। उस दिन दोनों पक्षों ने आपस में मामला सलटने की बात कहते हुए आवेदन नहीं दिया था। बाद में दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। -रत्नेश ठाकुर, थाना प्रभारी।