Vocal of local: झारखंड में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं, स्थानीय कलाकारों को निखारने धनबाद पहुंचे दिलीप देव
दिलीप देव बताते हैं कि झारखंड में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं हैं। भविष्य में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में झारखंड की अपनी पहचान होगी। झारखंड में वर्कशॉप करने का उददेश्य यही है कि इस कला और व्यापार की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
धनबाद, जेएनएन। मुंबई जाकर रुपहले पर्दे पर दिखना ऐसा हर युवा चाहता जो मॉडलिंग और फिल्मी दुनिया से जुड़ा हुआ है। इसमें में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। इसे देखते हुए मुंबई के प्रसिद्ध सिनेमा एडिटर और निर्देशक दिलीप देव अपने अभियान 'फिल्म और वीडियो मेकिंग : कला रोजगार और व्यापार' को लेकर आगे बढ़े हैं। इस विषय के तहत दो दिवसीय वर्कशॉप शनिवार को यूनियन क्लब में शुरू हो रहा है। यह रविवार को भी होगा। इसमें फिल्म में रूचि रखनेवाले युवाओं को फिल्म मेकिंग की बारीकियों और आधारभूत जरूरतों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
झारखंड के अन्य जिलों में भी वर्कशॉप करने की योजना
दैनिक जागरण से बातचीत में दिलीप देव बताते हैं कि झारखंड में फिल्म निर्माण की असीम संभावनाएं हैं। भविष्य में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में झारखंड की अपनी पहचान होगी। झारखंड में वर्कशॉप करने का उददेश्य यही है कि इस कला और व्यापार की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। अन्य जिलों में भी इस तरह के वर्कशॉप करेंगे। झारखंड की संस्कृति, आकर्षक लोकेशन और यहां की प्रतिभाएं देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इसके लिए जरूरी जानकारी इसी अभियान कि जरिए दी जा रही है। वर्कशॉप निश्शुल्क है। इसे प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल से भी जोड़कर देख सकते हैं। स्थानीय स्तर पर यूनियन क्लब और समाधान इस आयोजन की जिम्मेदारी उठा रहे हैं।
फिल्म से लेकर वेब सीरीज बनाने तक की मिलेगी जानकारी
धनबाद की सरजमीं पर बॉलीवुड के जाने-माने एडिटर दिलीप देव आ चुके हैं। अगले दो दिन तक फिल्म से लेकर वेब सीरीज तक की बारीकियां सिखाएंगे। यह वर्कशॉप युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ने का सुनहरा मौका है। दो दिनों तक वीडियो एडिटिंग, मूवी मेकिंग, डॉक्यूमेंट्री, एक्टिंग, फिल्म एडिटिंग आदि में रुचि रखने वालों को दिलीप देव टिप्स देंगे। एडिटर दिलीप देव बॉलीवुड की चर्चित फिल्म वांटेड, अनवांटेड, तोरबाज, कैरी ऑन कुत्तों, नो एंट्री, जोधा अकबर, एवरेस्ट, आउट ऑफ कंट्रोल, खुशी आदि फिल्मों में एडिट कर अपना प्रतिभा दिखा चुके हैं।