नाै माह में भी हाथियों के झुंड को भगा नहीं पाए मशालची, फसल रौंदे जाने से किसान परेशान Dhanbad News
हाथियों का झुंड रात में पहाड़ से नीचे उतरा। भालपहाड़ी गांव के खेतों में लगी किसानों के फसल को रौंद दिया। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
टुंडी, जेएनएन। टुंडी पहाड़ में पिछले नौ माह से 18 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। हाथी आए दिन पहाड़ पर से उतरते हैं और किसानों की फसल को खा जाते हैं। खाने से ज्यादा राैंद कर चले जाते हैं। दूसरी तरफ विन विभाग की मशालची टीम अब तक हाथियों को भगाने में विफल रहा है।
हाथियों का झुंड सोमवार की रात में पहाड़ से नीचे उतरा। भालपहाड़ी गांव के खेतों में लगी किसानों के फसल को रौंद दिया। साथ ही बाबूलाल मंडल, सरजू महतो, बुधू कोल, एतवारी मंडल, मनोज महतो, अरुण महतो, शिबू कोल, दुर्गा मंडल, काशी मंडल, बालदेव मंडल, दीपनारायण, सोमर कोल आदि किसानों के धान को क्षतिग्रस्त करते हुए उसे खा गया। इसकी सूचना मिलने पर टुंडी वन विभाग के 17 मशालचियों की टीम पहुंची एवं हाथियों के झुंड को पहाड़ पर पुन चढ़ा दिया।
बताया जाता है कि हाथियों का झुंड दो दिनों से भालपहाड़ी के पास जंगल में डेरा डाले हुआ था। इधर ग्रामीणों की शिकायत पर टुंडी प्रखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल पांडेय एवं पूर्व अध्यक्ष विजय मंडल, टुंडी वन विभाग अधिकारियों से मिलकर हाथियों के झुंड को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का आग्रह किया। वन विभाग के अधिकारियों ने बहुत जल्द ही हाथियों को खदेडऩे का आश्वासन दिया।