विधानसभा चुनाव में सेल के 731 अधिकारी व कर्मी करेंगे ड्यूटी
विधानसभा चुनाव में सेल के 731 अधिकारी कर्मी करेंगे ड्यूटी
संवाद सहयोगी, चासनाला : झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के महासमर में सेल कोलियरीज डिवीजन चासनाला व जीतपुर कोलियरी के अधिकारी व कर्मचारी भी चुनाव कार्य मे लगाए जाएंगे। इस बार 731 सेल अधिकारी व कर्मचारी चुनाव पोलिग ड्यूटी पर होंगे। भारत सरकार चुनाव निर्वाचन आयोग के झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही धनबाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह धनबाद के उपायुक्त ने आदेश जारी कर चुनाव ड्यूटी में लगाये जानेवाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
इसके तहत सेल की चासनाला व जीतपुर कोलियरी के अधिकारियों व कर्मचारियों को 24, 25 व 26 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया गया। सोमवार की शाम पुन: 731 अधिकारी व कर्मचारियों का लिस्ट सेल जीएम कार्यालय में भेजा गया है। छह, सात व आठ नवंबर को फिर चुनाव ड्यूटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं कई अधिकारी व कर्मचारी छठ पर्व पर छुट्टी लेकर घर गए हैं। वहीं कई कर्मी व अधिकारी अपने सहयोगियों को चुनाव ड्यूटी की जानकारी देने में लगे हैं। चासनाला कोलियरी से 603 अधिकारी व कर्मी चुनाव ड्यूटी पर लगाये जायेंगे। इसमे 111 सेल अधिकारियों को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं 274 प्रथम पोलिग पदाधिकारी, 177 द्वितीय पोलिग पदाधिकारी, 41 तृतीय पोलिग पदाधिकारी बनाया जायेंगे। जीतपुर कोलियरी से 128 अधिकारी व कर्मी चुनाव कार्य में लगाए जाएंगे।
..
अंगूठा छाप कर्मी भी बने पदाधिकारी :
विधानसभा चुनाव ड्यूटी कार्य में सेल के चासनाला व जीतपुर कोलियरी के अनपढ़ व अंगूठा लगानेवाले कई कर्मचारियों को प्रथम पोलिग पदाधिकारी बना दिया गया है। यह कोलियरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कर्मियों का कहना है कि हस्ताक्षर की जगह अंगूठा का ठप्पा लगाते हैं। कुछ कर्मियों ने बताया किसी प्रकार हस्ताक्षर कर पाते हैं। ऐसे में इनका चुनाव में ड्यूटी कर पाना मुश्किल लगता है।