जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या, जांच में जुटी पुलिस Dhanbad News
टुंडी थाना क्षेत्र के बंदरचुंआ निवासी 62 वर्षीय मदन मंडल की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की लाश हीरापुर के महावीर भंडारी के खंडरनुमा मकान में पाया गया।
टुंडी, जेएनएन। टुंडी थाना क्षेत्र के बंदरचुंआ निवासी 62 वर्षीय मदन मंडल की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की लाश हीरापुर के महावीर भंडारी के खंडरनुमा मकान में पाया गया। मृतक के सिर को कुचल दिया गया था। घटना की सूचना पाकर टुंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टुंडी थाना ले आई। मृतक के पुत्र परितोष मंडल ने हीरापुर के महावीर भंडारी सहित पांच लोगों पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए टुंडी थाना में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मदन मंडल के साथ हीरापुर गांव के अनिल मंडल के बीच जमीन विवाद चल रहा था। इसके अलावा हीरापुर गांव के ही परेश मंडल की जमीन बिक्री को लेकर महावीर भंडारी व उनके तीन पुत्रों से भी मदन मंडल के बीच अनबन चल रहा था। मदन को उपरोक्त लोगों ने धमकी भी दी थी। इधर गुरुवार को मदन मंडल अपने पैतृक मकान बंदरचुंआ में थे। दोपहर को हीरापुर गांव के महावीर भंडारी, उसका पुत्र संतोष भंडारी, मंतोष भंडारी, पप्पू भंडारी, अनिल मंडल, उसका बेटा भीम मंडल आए और जमीन मामले का निपटारा करने के लिए बुलाकर ले गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने मदन मंडल को घायलावस्था में महावीर के यहां देखा। परिजन घटनास्थल पहुचे तो मदन मंडल का शव क्षत-विक्षप्त अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गृह प्रवेश में रुक जाते तो बच जाती जानः गुरुवार को मदन मंडल के छोटे पुत्र परितोष मंडल के घर का गृह प्रवेश था। मदन भी गृह प्रवेश में शामिल होने गए थे। पूजा-पाठ पूरा नहीं हुआ था कि वे वहां से निकलने लगे। पुत्र व बहू ने आग्रह किया कि थोड़ी देर रुक जाइए। पूजा का प्रसाद खाकर चले जाइएगा। मगर वह बात नहीं मानकर वहां से चल दिए। इसके बाद यह घटना हुई।
प्रथम दृष्टया में भंडारी परिवार का हाथ होने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
-सुधीर प्रसाद, थाना प्रभारी, टुंडी