देश की कई नामी कंपनियों ने प्लेसमेंट से किया किनारा, IIT ISM के छात्रों पर आर्थिक सुस्ती का असर Dhanbad News
देश में छायी आर्थिक सुस्ती का असर IIT ISM के छात्रों पर पड़ने लगा है। बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों (बजाज टाटा महेंद्रा) ने इस साल प्लेसमेंट में हिस्सा नहीं लिया है।
धनबाद, जेएनएन। देश में आर्थिक सुस्ती का माहौल बना हुआ है। साथ ही नौकरियों में कटौती के भी अनुमान हैं। ऐसे में आइआइटी आइएसएम भी इससे अछूता नहीं है। जिन ऑटोमोबाइल कंपनियों से संस्थान के रिश्ते बेहतर रहे हैं और जो कंपनियां हर वर्ष प्लेसमेंट के लिए आती रही हैं, उनमें से कई कंपनियों ने अब तक संस्थान की ओर रूख ही नहीं किया। बजाज, टाटा, महेंद्रा जैसी बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियां प्लेसमेंट में हिस्सा तक नहीं लिया है।
हालांकि, आर्थिक सुस्ती की चर्चाओं के बीच अब तक तीन दर्जन से अधिक कंपनियों ने आइएसएम के 550 छात्रों का चयन कर चुकी है। जबकि प्लेसमेंट का अभी दूसरा राउंड चल रहा है। बावजूद इसके संस्थान के विद्यार्थियों का अच्छा प्लेसमेंट शुभ माना जा रहा है। वहीं, प्लेसमेंट में छात्रों को नौकरियां तो मिल रही हैं, लेकिन सुस्ती के कारण उनके पैकेज पर इसका खासा असर दिख रहा है।
कोर और आइटी सेक्टर से ज्यादा ऑफर : छात्रों को नौकरियां देने में कोर तकनीकी और आइटी सेक्टर सबसे आगे हैं। कोर सेक्टर (माइनिंग, पेट्रोलियम तथा अर्थ साइंस) में करीब 200 तथा एक तिहाई नौकरियां आइटी सेक्टर में मिली है। इसे तकनीकी के बढ़ते प्रभाव का असर माना जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने बेहतर पैकेज के साथ सबसे ज्यादा नौकरियां दी है।
इन कंपनियों पर भरोसा : आइआइटी आइएसएम के प्लेसमेंट की तस्वीर फरवरी के अंत तक साफ हो जाएगी। संस्थान ने कई बड़ी कंपनियों से प्लेसमेंट में हिस्सा लेने के लिए बात की है। इनमें इसरो, कोल इंडिया, थाइसन क्रूप, जिंदल स्टील, सेल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी नामचीन कंपनियां शामिल हैं।
आर्थिक सुस्ती में भी बेहतर की उम्मीद :
आर्थिक सुस्ती से सभी प्रभावित हैं। प्लेसमेंट की शुरुआत अच्छी रही है। हालांकि, अंतराष्ट्रीय कंपनियां प्लेसमेंट में कम हिस्सा ले रही हैं। इस कारण औसत वेतन में कुछ कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुस्ती के कारण कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने अब तक हिस्सा नहीं लिया है। हालांकि कोर व आइटी सेक्टर में प्लेसमेंट बेहतर रहा है। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि अभी कई बड़ी कंपनियां व पीएसयू कंपनियां प्लेसमेंट में हिस्सा लेंगी।
- प्रो. सतीश कुमार सिन्हा, चेयरमेन, प्लेसमेंट सेल, IIT ISM