IMA के चुनाव में निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए डॉ. बीके सिंह, तीसरी बार सचिव बने डॉ सुशील; डॉक्टरों ने नहीं ली दिलचस्पी Dhanbad News
वर्ष 2017-19 के लिए हुए चुनाव में काफी गहमागहमी देखने को मिली थी। लेकिन इस बार डॉक्टर सुशील कुमार के गुट ने नामांकन भरा जबकि दूसरे गुट के कोई भी डॉक्टरों ने नामांकन नहीं दिया।
धनबाद, जेएनएन। आइएमए धनबाद के चुनाव में डॉ. बीके सिंह दोबारा अध्यक्ष चुने गए हैं। वही, डॉ. सुशील कुमार तीसरी बार सचिव बने हैं। मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. एसके सिंह ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि कुल 21 विभिन्न पदों के लिए 15 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। अध्यक्ष पद के लिए डॉक्टर बीके सिंह ने नामांकन भरा था, उनके विरोध में किसी ने नामांकन नहीं किया।
इसी तरह से सचिव पद पर डॉ सुशील कुमार ने आवेदन भरा था। उनके विरुद्ध में किसी ने नामांकन नहीं भरा था। कुल 15 लोगों ने नामांकन किया। इसके बाद दूसरे किसी भी डॉक्टर ने विरोध में नामांकन नहीं किया। इसके कारण सभी को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया।
चुनाव में डॉक्टरों ने नहीं ली दिलचस्पी
वर्ष 2017-19 के लिए हुए चुनाव में काफी गहमागहमी देखने को मिली थी। पूरा डॉक्टर समुदाय दो गुटों में बंटा हुआ था। एक गुट में डॉक्टर एनके सिंह तो दूसरे गुट में डॉक्टर सुशील कुमार थे। लेकिन, इस बार डॉक्टर सुशील कुमार के गुट ने नामांकन भरा, जबकि दूसरे गुट के कोई भी डॉक्टरों ने नामांकन नहीं दिया।
नई कमेटी को बधाई
आइएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने नई कमेटी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में झारखंड और धनबाद कमेटी को सर्वश्रेष्ठ का पुरस्कार मिला है। डॉक्टरों के हितों के लिए हमेशा सक्रिय रहने वाले सदस्य को ही अन्य डॉक्टरों ने पदाधिकारी बनने के लिए हामी भरी थी। यही कारण है कि कोई दूसरे डॉक्टर ने विरोध में आवेदन नहीं किया। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि नई कमेटी डॉक्टरों के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।