केरल की तर्ज पर 557 आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचेगा पौष्टिक आहार, DMC का प्लान तैयार Dhanbad News
केरल में कुडुंबश्री संस्था की ओर से टेक होम राशन के नाम से रेडी टू ईट पौष्टिक आहार आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही है।
धनबाद, जेएनएन। नगर निगम अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराएगा। इस आहार से बच्चों को भरपूर मात्रा में जरूरी पौष्टिक चीजों के अलावा कई महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा। महिला स्वयं सहायता समूह इस आहार को तैयार करेंगी। निगम क्षेत्र के 557 आंगनबाड़ी केंद्रों में पौष्टिक आहार पहुंचाने का लक्ष्य है। इस योजना पर मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप समेत तमाम अधिकारियों के साथ बैठकर प्लान का खाका तैयार किया है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार की सहमति की दरकार है।
दरअसल, धनबाद नगर निगम के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त संदीप कुमार केरल के त्रिवेंद्रम का दाैरा कर लाैटे हैं। इस दौरे में उन्होंने अध्ययन किया कि केरल में कुडुंबश्री संस्था की ओर से 'टेक होम राशन' के नाम से रेडी टू ईट पौष्टिक आहार आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही है। छह माह से तीन वर्ष के कुपोषित बच्चों के लिए आहार यहां की महिला स्वयं सहायता गु्रप तैयार कर रहा है। प्रत्येक बच्चे को प्रतिदिन 135 ग्राम आहार मिलेगा। इससे इन्हें 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आमदनी हो रही है। आहार की गुणवत्ता भी उच्च श्रेणी की है। केरल में 238 यूनिटें हैं, जहां से टेक होम राशन तैयार कर आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही है। एक यूनिट में छह महिलाएं हैं।
एक यूनिट पर 12 से 15 लाख रुपये आएगा खर्चः अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर क्षेत्र में 557 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें यह पौष्टिक आहार पहुंचाने की योजना है। इसके लिए पांच यूनिटें लगाई जाएंगी। एक यूनिट में दस महिलाओं का समूह का कार्य करेगा। एक यूनिट से 110 आंगनबाड़ी केंद्रों में आहार की सप्लाई होगी। एक यूनिट लगाने पर कम से 12 से 15 लाख रुपये का खर्च आएगा। इसमें मिक्सर, ग्राइंडर, रोस्टर, चालने व सुखाने की मशीन, पैकेजिंग मशीन और रॉ मैटेरियल की खरीदारी होगी। 15 दिन में अगले 25 दिनों का आहार तैयार होगा।
बच्चों को मिलने वाले आहार में इनका होगा समावेशः गेहूं 45 फीसद, मूंगफली 10 फीसद, सोयाबीन 10 फीसद, शुगर 20 फीसद, एनर्जी, प्रोटीन, फैट, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर।