DC-SSP ने शहीद शशिकांत के परिवार के साथ मनाई दिवाली, साैंपा 10 डिसमिल जमीन का कागजात Dhanbad News
जोड़ापोखर पहुंचकर उपायुक्त ने शहीद शशिकांत पाण्डेय की माता ललिता देवी एवं पिता राजेश्वर पाण्डेय को दिवाली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद जिला प्रशासन ने अबकी कुछ अलग हटकर दिवाली मनाई। दिवाली के दिन उपायुक्त अमित कुमार और एसएसपी किशोर काैशल शहीद शशिकांत पांडेय के जोरापोखर स्थित घर पहुंचे। शहीद के माता-पिता को मिठाई खिलाई। इसके बाद उपायुक्त ने शहीद के पिता को दस डिममिल जमीन का कागजात साैंपा।
दीपोत्सव के शुभ अवसर पर धनबाद के वीर सपूत शहीद शशिकांत पाण्डेय के माता - पिता को उपायुक्त अमित कुमार ने दिवाली का तोहफा दिया। साथ ही उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मुंह मीठा कर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। सम्मान पाकर शहीद शशिकांत के माता-पिता की आंखें भर आई। उपायुक्त ने बताया कि वे हर दिवाली के अवसर पर देश के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले वीर सपूत के घर जाते हैं और उनके परिजनों के साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं।
जोड़ापोखर पहुंचकर उपायुक्त ने शहीद शशिकांत पाण्डेय की माता ललिता देवी एवं पिता राजेश्वर पाण्डेय को दिवाली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद उपायुक्त ने उन्हें बलियापुर अंचल में शहीद शशिकांत पाण्डेय की स्मृति में सैनिक बंदोबस्ती के अंतर्गत 10 डिसमिल जमीन का कागजात साैंपा।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर में 17 दिसंबर 2016 को आतंकियों ने सेना के काफिले को निशाना बनाया था। इस हमले में शशिकांत पांडेय शहीद हो गये थे। शहीद शशिकांत पाण्डेय ने जोड़ापोखर के ज्ञान भारती से मैट्रिक किया था। झरिया के राजा शिवप्रसाद कॉलेज से उन्होंने इंटर पास किया था। वे 17 दिसंबर 2013 को सेना में भर्ती हुए और 17 दिसंबर 2016 को वीर गति को प्राप्त किए।
इससे पहले 18 अक्टूबर को शहीद जवान शशिकांत पाण्डेय की बहन सुश्री सिन्धु कुमारी को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र दिया गया। शहीद जवान शशिकांत पाण्डेय की आश्रित बहन सुश्री सिन्धु कुमारी ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति संबंधी आवेदन पत्र दिया था।इस मामले में जिला अनुकंपा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से शहीद शशिकांत पाण्डेय की बहन सुश्री सिन्धु कुमारी को वर्ग - 3 (निम्न वर्गीय लिपिक) के पद पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई थी।