जरूरतमंदों को मदद के नाम पर अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठा से खिलवाड़, बार ने किया राजनीतिक तिकड़म का विरोध Dhanbad News
महासचिव देवीशरण सिन्हा ने कहा है कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए राशन बांटने आए थे। अधिवक्ताओं ने लेने से इन्कार कर दिया। एसोसिएशन इस प्रकार की राजनीतिक तिकड़म का विरोध करता है।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा विधायक राज सिन्हा की ओर से गुरुवार को अधिवक्ताओं के बीच राशन वितरण में हंगामा हो गया। राशन लेने के लिए आपाधापी मच गई। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सह अधिवक्ता ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह के आग्रह पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा टेंपो से सूखा अनाज लेकर बार एसोसिएशन के गेट पर पहुंचे थे। अनाज लेने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। आपाधापी के क्रम में कुछ झोली फट गई और अनाज सड़क पर बिखर गया।
भीड़ को अनियंत्रित होता देख चालक गाड़ी को सदर अस्पताल के गेट के पास ले गया परंतु, वहां भी भीड़ लग गई। शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कुछ अधिवक्ताओं ने इसका पुरजोर विरोध किया एवं कहा कि यह अधिवक्ताओं की प्रतिष्ठा के खिलाफ है। सूचना मिलने के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बसंत कुमार गोस्वामी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम आलोक कुमार दुबे और उपायुक्त अमित कुमार भी अदालत परिसर पहुंचे। वहां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, महासचिव देवी शरण सिन्हा और कोषाध्यक्ष मुकुल तिवारी के साथ बैठक की एवं शारीरिक दूरी का पालन करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी एवं महासचिव देवीशरण सिन्हा ने कहा कि बिना एसोसिएशन को जानकारी दिए इस तरह का कार्यक्रम किया गया। राशन लेने की भीड़ में अधिवक्ता शामिल नहीं थे। वे बाहर के लोग थे। धिवक्ताओं ने कभी राशन की मांग नहीं की। बार एसोसिएशन जरूरतमंद अधिवक्ताओं की हरसंभव मदद कर रहा है। महासचिव देवीशरण सिन्हा ने कहा है कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए राशन बांटने आए थे। अधिवक्ताओं ने लेने से इन्कार कर दिया। एसोसिएशन इस प्रकार की राजनीतिक तिकड़म का विरोध करता है।