प्रशासक राज शुरू होते दिखने लगी खामियां, सड़क पर मरी पड़ी है गाय, टोल फ्री नंबर भी नहीं कर रहा कोई रिसीव Dhanbad News
सिटी सेंटर से बरवाअड्डा रोड के बीच श्री राम वाटिका और कोरंगा बस्ती के सामने पिछले 2 दिन से एक गाय मरी पड़ी है। लेकिन इसे हटाने की जहमत अभी तक नहीं उठाई गई।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम में प्रशासक राज शुरू हो गया है। अब यहां मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों का नहीं बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों का चल रहा है। कमान नगर आयुक्त के हाथ में है। प्रशासक राज शुरू होते ही अव्यवस्था और अराजकता भी दिखने लगी है। धनबाद शहर के सिटी सेंटर-बरवाअड्डा फोर लेन रोड पर पिछले दो दिन से मरी गाय पड़ी है। इसे उठाने वाला कोई नहीं है। लोग नगर नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर डायल कर रहे हैं तो कोई रिसीव नहीं कर रहा है। अधिकारियों को भी चिंता नहीं है।
सिटी सेंटर से बरवाअड्डा रोड के बीच श्री राम वाटिका और कोरंगा बस्ती के सामने पिछले 2 दिन से एक गाय मरी पड़ी है। लेकिन इसे हटाने की जहमत अभी तक नहीं उठाई गई। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर कॉल करने का प्रयास भी किया, लेकिन किसी ने फोन तक नहीं उठाया। इससे पहले भी एक दिन सड़क पर कुत्ता मर गया था। तब भी नगर निगम को सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन उस समय भी किसी ने रिस्पांस नहीं दिया। नगर निगम का टोल फ्री नंबर सब झुनझुना बना पड़ा है।
कोरोना के कारण धनबाद नगर निगम का चुनाव नहीं हो सका। 17 जून को नगर निगम के निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया। इसके बाद नगर निगम का प्रशासक नगर आयुक्त को बना दिया गया है। अब मेयर की जगह पर प्रशासक डीएमसी को चला रहे हैं।