Dhanbad Weather: धनबाद का पारा आज फिर 41 पर, दिन में झुलसाएगी कड़ी धूप, दोपहर बाद बदलेगा मौसम
सुबह बादल दिन चढ़ने पर तेज धूप और दोपहर बाद तेज आंधी के साथ मौसम में बदलाव। चार-पांच दिनों से मौसम कुछ ऐसे ही रंग बदल रहा है। दोपहर तक पिघलाने वाली गर्मी के बाद एकाएक बादल छा रहे हैं और जोरदार आंधी के साथ मौसम बदल जा रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: सुबह बादल, दिन चढ़ने पर तेज धूप और दोपहर बाद तेज आंधी के साथ मौसम में बदलाव। पिछले चार-पांच दिनों से मौसम कुछ ऐसे ही रंग बदल रहा है। दोपहर तक पिघलाने वाली गर्मी के बाद एकाएक बादल छा रहे हैं और जोरदार आंधी के साथ मौसम बदल जा रहा है।
बुधवार को भी दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर रहेगा। दोपहर तक झुलसाने वाली गर्म हवा चलेगी और फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। आसमान में बादल छाएंगे 30 से 40 की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की भी संभावना जताई है। कुछ जगह जगह पर गर्जन और वज्रपात का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में यह बदलाव राजस्थान से असम तक बने बादलों की शृंखला की वजह से है। बादलों के ट्रैक धनबाद और आसपास से गुजर रहे हैं। उन्हीं बादलों के मजबूत होने के दौरान तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश भी हो रही है। पूरे हफ्ते मौसम में यह बदलाव जारी रहने का अनुमान है।
धनबाद में जहां दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल जा रहा है, वहीं इससे सटे गिरिडीह जिले में पिछले 10-15 दिनों से लगातार लू चलने जैसी परिस्थिति बनी हुई है। पूरे राज्य में गिरिडीह जिले में ही लू चलने की गंभीर स्थिति दिख रही है। मौसम विभाग में बुधवार को भी लू का खतरा बताया है। इससे गिरिडीह से सटे धनबाद वाले हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं।
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी के अंडमान वाले हिस्से में मानसून सक्रिय होने लगा है। एक-दो दिनों में बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में भी मानसून की सक्रियता बढ़ने का अनुमान है। हालांकि इसका प्रभाव अभी धनबाद और आसपास नहीं दिखेगा। यहां जून के पहले हफ्ते तक मानसून के दस्तक देने की संभावना है। इससे पहले प्री मानसून की बारिश जारी रह सकती है।