Dhanbad Weather Forecast: ठंड से ठिठुरे लोग-बाग, अभी सताती रहेंगी दूर देश से आ रही बर्फीली हवाएं
Dhanbad Weather Forecast धनबाद में सुबह कोहरा छाया रहा। दिन में भी ठंड रहेगी। दोपहर में धूप खिलने के साथ ही ठंडी हवा सर्दी का अहसास कराती रहेगी। धनबाद के साथ-साथ पड़ोसी जिलों में भी पारा काफी नीचे चला गया है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast सर्द माैसम और विदेशी से आ रही बर्फीली हवाओं से धनबाद ठिठुर गया है। सुबह से रात तक कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। इसस आम जन-जीवन प्रभावित है। सुबह लोग बहुद देर से घरों से निकल रहे हैं और शाम को जल्द ही अपने-अपने घरों में खुद को कैद कर ले रहे हैं। रात के समय न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास पहुंच जा रहा है। माैसम विभाग के अनुसार धनबाद और इसके आसपास के जिलों में अभी ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान की तरफ से आ रही ठंडी हवाएं अभी सताती रहेंगी।
माैसम विभाग के अनुसार पहले पाकिस्तान और अब अफगानिस्तान की बर्फीली हवाओं ने झारखंड का रुख कर लिया है। इसका असर धनबाद में दिख रहा है। हिमालय से होकर आनेवाली अफगानी हवाएं मौसम को सर्द बना रही हैं। अफगानिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में काफी सक्रिय है। उस ओर से आनेवाली ठंडी हवा हिमालय से होकर इधर आ रही हैं जिससे सर्दी का सितम जारी है। 24 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद, बाल्टिस्तान, गिलगिट, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय रहेगा। इस वजह से ठंड भी बरकरार रहेगी। 25 से 31 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आने के संकेत मौसम विभाग ने पहले ही बुलेटिन जारी कर दे दिए हैं। न्यूनतम तापमान के पांच डिग्री तक जाने की संभावना जताई गई है।
इधर, बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। ठंड काफी रही। दोपहर में धूप खिलने के साथ ही ठंडी हवा सर्दी का अहसास कराती रहेगी। धनबाद के साथ साथ पड़ोसी जिलों में भी पारा काफी नीचे चला गया है। बोकारो का न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री के बीच चल रहा है। गिरिडीह, जामताड़ा में भी पारा 7-8 के बीच है। अभी कई दिनों तक मौसम में ठंडक बनी रहेगी।