Dhanbad Weather Alert: मैथन में सुबह से झमाझम बारिश, धनबाद शहर में खिल गई धूप; दोपहर बाद बिजली गिरने का बढ़ा खतरा
पश्चिम बंगाल से सटे मैथन और आसपास के हिस्से में शनिवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। जोरदार बारिश से कई हिस्से में जलजमाव जैसी स्थिति बन गई है। धनबाद शहर में भी सुबह ही बारिश की संभावना जताई गई थी।
जागरण संवाददाता, धनबाद : पश्चिम बंगाल से सटे मैथन और आसपास के हिस्से में शनिवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। जोरदार बारिश से कई हिस्से में जलजमाव जैसी स्थिति बन गई है। धनबाद शहर में भी सुबह ही बारिश की संभावना जताई गई थी। यहां सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। पर अब धूप खिल गई है। बीच-बीच में बादल भी छा रहे हैं। बादल घनीभूत हुए तो बारिश भी हो सकती है। दोपहर बाद आसमानी बिजली गिरने का खतरा भी हो सकता है जिससे सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विज्ञानी डा. अभिषेक आनंद की मानें तो अगले तीन-चार दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्से में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। आम तौर पर दिन में धूप खिल रही और दोपहर बाद मौसम बदल रहा है। इसलिए दोपहर बाद वज्रपात से सावधान रहना चाहिए।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही पंजाब से बंगाल की खाड़ी तक बादलों की श्रृंखला बनी हुई जो झारखंड होकर गुजर रहे हैं। इस वजह से मौसम में बदलाव हुआ है। इसके अगले कई दिनों तक बने रहने के आसार हैं।
धनबाद और पड़ोसी जिलों पर मानसून मेहरबान
बारिश के मामले में जून में अब तक मानसून मेहरबान है। धनबाद में अब तक सामान्य बारिश की तुलना में 173 फीसद ज्यादा बारिश हो चुकी है। आंकड़े बताते हैं कि धनबाद में सामान्य बारिश 159.9 एमएम होना चाहिए जो 436 एमएम हो चुकी है। धनबाद से सटे बोकारो सामान्य बारिश 139.7 एमएम की तुलना में 81 फीस अधिक 252.3 एमएम, गिरिडीह में 139.5 एमएम सामान्य बारिश की तुलना में 343.1 एमएम बारिश हो चुकी है जो 146 प्रतिशत ज्यादा है। जामताड़ा जिले में एक जून से अब तक सबसे अधिक बारिश का रिकॉर्ड हुआ है। सामान्य बारिश 163.8 एमएम की तुलना में 183 फीसद ज्यादा 463.1 एमएम बारिश इस जिले को मिल चुकी है। संताल के देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में भी सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है।
मंगलवार 29 जून तक का संभावित तापमान
शनिवार अधिकतम 34 न्यूनतम 25
रविवार अधिकतम 35 न्यूनतम 26
सोमवार अधिकतम 33 न्यूनतम 24
मंगलवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25