धनबाद में सुरक्षा होगी चाक-चौबंद, 53 संवेदनशील स्थलों पर लगेंगे 193 सीसीटीवी कैमरे
धनबाद पुलिस अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 53 संवेदनशील स्थलों पर 193 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगा रही ...और पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा अपराधी। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी लगाने की कवायद शुरू कर दी है।
पहले चरण में जिले के 53 संवेदनशील स्थलों पर 193 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने उपायुक्त आदित्य रंजन को पत्र भेजकर इस दिशा में कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
एसएसपी कुमार ने उपायुक्त रंजन को दिए आग्रह पत्र में कहा है कि कैमरों का केंद्रीकृत संचालन धनबाद पुलिस नियंत्रण कक्ष से होगा। इससे संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों पर नजर रखने, यातायात नियमों का उल्लंघन पकड़ने तथा जरूरत पर त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। योजना पर्व-त्योहारों में भीड़ प्रबंधन और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए बनाई गई है।
तीन तरह के होंगे कैमरे
कुल 193 कैमरों में 154 उच्च गुणवत्ता वाले आठ मेगापिक्सल वीएफ बुलेट आईपी कैमरे होंगे। इसके अलावा 180 मीटर तक इन्फ्रारेड क्षमता वाले 15 पीटीजेड कैमरे और नंबर प्लेट पहचानने वाले 24 एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से दूर तक निगरानी और संदिग्ध वाहनों की पहचान में मदद मिलेगी।
