विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dhanbad News: साले की मौत के बाद ससुराल गए गृहस्वामी, पीछे से चोरों ने उड़ाए 10 लाख के जेवरात

Published: Thu, 03 Sep 2026 01:18 PM (IST)

गृहस्वामी के बोकारो जाने के बाद निरसा की सिंदरी कॉलोनी में बंद घर से चोरों ने लाखों के जेवर और ...और पढ़ें

घर में बिखरे हुए सामान और गृहस्वामी। (फोटो जागरण)

घर में बिखरे हुए सामान और गृहस्वामी। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. निरसा में बंद घर से 12 लाख के जेवर-नकदी चोरी।

  2. गृहस्वामी साले की मौत पर बोकारो गए थे।

  3. चोरों ने पड़ोसियों के दरवाजे बाहर से बंद किए।

जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। निरसा थाना क्षेत्र की सिंदरी कॉलोनी में बंद आवास को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी कर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। साले की मौत की खबर सुनकर सपरिवार बोकारो गए शिवाशीष भारती उर्फ गुड्डू भारती के घर से चोरों ने करीब आठ से दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये नकद उड़ा लिए।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह पड़ोसियों को घर का पिछला दरवाजा खुला मिलने के बाद हुई। सूचना मिलने पर गृहस्वामी घर पहुंचे तो अलमारी और दीवान समेत अन्य सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत निरसा थाना में की है। पुलिस जांच में जुटी है।

शिवाशीष भारती ने बताया कि साले की मृत्यु की सूचना मिलने पर वह मंगलवार सुबह परिवार के साथ घर में ताला बंद कर बोकारो चले गए थे। गुरुवार सुबह कॉलोनी के लोगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।

घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूजा घर की छत में लगी एस्बेस्टस शीट हटा दी गई थी। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने अलमारी और दीवान को खंगाला और उसमें रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

भुक्तभोगी के अनुसार, चोरी गए सामान में करीब ढाई भर का सोने का चेन, तीन सोने की अंगूठियां, 10 सोने की नथ, दो जोड़ी सोने के झुमके, सात चांदी के सिक्के, चांदी की कटोरी, गिलास और चम्मच, तीन जोड़ी चांदी की पायल तथा तीन जोड़ी पुरानी चांदी की बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा महाजन को भुगतान करने और पुत्री के नामांकन के लिए घर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद भी चोर ले गए।

चोरों ने वारदात के दौरान असामान्य सावधानी बरती। बताया जा रहा है कि घर में घुसने से पहले उन्होंने आसपास के कई पड़ोसियों के मुख्य दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, ताकि चोरी के दौरान कोई बाहर निकलकर उन्हें देख या पकड़ न सके।

शिवाशीष के घर के पीछे रहने वाले राजकुमार पांडे के परिवार में भी महिला की मृत्यु होने के कारण उस समय घर में शोक का माहौल था। गुरुवार सुबह लोग उनके घर की ओर पहुंचे तो शिवाशीष के घर का पिछला दरवाजा खुला देखकर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। इसके बाद पड़ोसियों के दरवाजों की बाहर से लगी कुंडी खोली गई।

सिंदरी कॉलोनी घनी आबादी वाला इलाका है और शिवाशीष का आवास चारों तरफ अन्य क्वार्टरों से घिरा है। इसके बावजूद चोरों ने करीब ढाई घंटे तक इत्मीनान से चोरी की और किसी को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे तक आसपास की स्थिति सामान्य थी।

इसके बाद करीब एक बजे चोर घर में घुसे और लगभग साढ़े तीन बजे तक वारदात को अंजाम देकर निकल गए। घनी आबादी के बीच हुई इस चोरी ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।