विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई MUTS सेवा, प्लेटफॉर्म पर घूम-घूम कर कर्मचारी देंगे जनरल टिकट

Published: Thu, 30 Jul 2026 10:32 PM (IST)

धनबाद रेलवे स्टेशन पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एमयूटीएस) शुरू की गई है, जिससे कर्मचारी घूम-घूम कर यात्रियों को जनरल टिकट जारी करेंगे।

स्टेशन पर टिकट देते कर्मचारी। (जागरण)

स्टेशन पर टिकट देते कर्मचारी। (जागरण)

HighLights

  1. धनबाद स्टेशन पर मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एमयूटीएस) का शुभारंभ।

  2. कर्मचारी अब रेल परिसर में घूमकर यात्रियों को टिकट देंगे।

  3. सावन की भीड़ कम करने, शाकाहारी भोजन की भी व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली यानी एमयूटीएस सेवा शुरू की गई है। वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को दो एमयूटीएस मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं।

इससे अब रेल परिसर और प्लेटफार्म पर घूम-घूम कर यात्रियों को जनरल टिकट जारी किये जाएंगे। सावन की भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने इस विशेष सुविधा की शुरुआत की है। इससे काउंटर पर लंबी कतार से छुटकारा मिलेगा।

इसके अलावा एक अतिरिक्त टिकट काउंटर भी संचालित किया गया है। इन व्यवस्थाओं से टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी तथा यात्रियों को शीघ्र एवं सुगमता से टिकट प्राप्त हो सकेगा।

यात्रियों को सहायता, पूछताछ एवं यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर सहायता बूथ स्थापित किया गया है।

सहायता बूथ या हेल्पलाइन नंबर 139 पर ले सकेंगे जानकारी

सहायता बूथ पर भीड़भाड़ के दौरान वाणिज्य विभाग के कर्मचारी व आरपीएफ श्रद्धालुओं के मददगार होंगे। ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, जनरल व आरक्षित कोच समेत अन्य जानकारियां उपलब्ध कराएंगे।

धनबाद मंडल ने श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी अथवा पूछताछ के लिए स्टेशन पर स्थापित सहायता बूथ अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें।

पूरे सावन यात्रियों को मिलेगा शाकाहारी भोजन

धनबाद स्टेशन पर पूरे सावन माह के दौरान यात्रियों को शाकाहारी भोजन मिलेगा। स्टेशन के भोजनालय व कैटरिंग स्टाल में शाकाहारी भोजन उपलब्ध होगा।

धनबाद से खुलने वाली ट्रेनों के पैंट्री कार में भी यात्रियों की मांग के अनुसार, शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। हालांकि पैंट्री कार में यह व्यवस्था आन डिमांड होगी।

यह भी पढ़ें- 31 जुलाई से रेलवे में ऑनलाइन लगेज बुकिंग शुरू, कन्फर्म टिकट पर मिलेगी सुविधा