धनबाद स्टेशन पर छठ भीड़ प्रबंधन: होल्डिंग एरिया, मेडिकल सुविधा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Dhanbad Chhath Preparedness: धनबाद स्टेशन पर छठ पर्व के लिए यात्रियों की भीड़ प्रबंधन हेतु होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहाँ मेडिकल टीम और हेल्प डेस्क भी उपलब्ध है।

होल्डिंग एरिया में यात्री सुविधाओं का जायजा लेते सीनियर डीसीएम मनीष सौरभ। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद स्टेशन पर छठ के लिए होल्डिंग एरिया तैयार।
यात्रियों को प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम तैनात।
ज्वलनशील वस्तुओं की रोकथाम को सामान जांच के निर्देश।
जागरण संवाददाता, धनबाद। छठ की भीड़ को लेकर धनबाद स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया तैयार हो गया है। आरक्षण कार्यालय के सामने खाली जगह पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां माइक भी लगा दिया गया है जिससे प्रतीक्षारत यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन की जानकारी मिलती रहेगी।
इसके साथ ही स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास मेडिकल टीम भी तैनात है। आपात परिस्थिति में यात्रियों को प्राथमिक उपचार की सुविधा भी मिलेगी।
हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जहां रेलकर्मी ट्रेन के आगमन-प्रस्थान की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आरक्षित व सामान्य कोच की स्थिति भी बताएंगे।
मंगलवार की देर शाम भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने सीनियर डीसीएम मनीष सौरभ पहुंचे। उन्होंने होल्डिंग एरिया, सहयोग काउंटर समेत अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।
प्रतीक्षालय व प्लेटफार्म की सफाई व प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ एटीवीएम और एम-यूटीएस से यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ज्वलनशील वस्तुओं को ट्रेन से ले जाने की रोकथाम को लेकर यात्रियों के सामानों की नियमित जांच करने तथा सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने की बात कही।
कर्मचारियों को निर्देश
- पटाखें, ज्वलनशील पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित वस्तु लेकर यात्रा करने से रोकें
- यात्रियों को टिकट लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका ध्यान रखें
- होल्डिंग एरिया के यात्रियों को ट्रेनों से जुड़ी नियमित सूचनाएं उपलब्ध कराएं
- भीड़ बढ़ने पर प्रवेश व निकास द्वार पर भीड़ प्रबंधन व्यवस्थित रखें