विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश के शीर्ष 25 IPS अधिकारियों में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार 18वें स्थान पर, झारखंड से एकमात्र

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:16 PM (IST)

धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को फेम इंडिया मैगजीन की देश के टाप 25 आइपीएस अधिकारियों की सूची में 18वां स्थान मिला है।

निशाना साधते धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार। (फाइल फोटो)

निशाना साधते धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। फेम इंडिया मैगजीन द्वारा जारी देश के टाप 25 आइपीएस अधिकारियों की सूची में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को 18 वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में झारखंड से शामिल होने वाले वे एकमात्र आइपीएस अधिकारी हैं।

प्रभात कुमार ने अपने सेवाकाल में रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पाकुड़ के एसपी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली है। धनबाद में पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपराध नियंत्रण, संगठित अपराध और आर्थिक अपराध के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी।

उनके नेतृत्व में धनबाद पुलिस ने संगठित अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और उसके सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के साथ उसकी संपत्ति की कुर्की भी की गई। फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंटों के निष्पादन पर जोर दिया।

अपराध नियंत्रण के साथ एसएसपी ने लंबित मामलों के निस्तारण, आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिसकर्मियों की दक्षता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया। फेम इंडिया की राष्ट्रीय सूची में स्थान मिलने को धनबाद पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

फेम इंडिया मैगजीन भारत की एक गैर-राजनीतिक डिजिटल और प्रिंट पत्रिका है, जो सकारात्मक पत्रकारिता पाजिटिव जर्नलिज्म की अवधारणा पर राजनीति, प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं प्रभावी काम करनेवाले व्यक्तित्वों की उपलब्धियों को सामने लाती है।

विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के कार्यों, उपलब्धियों और जनहित में उनके योगदान के आधार पर फेम इंडिया समय-समय पर सर्वेक्षण और विशेष सूचियां जारी करती है। देश के टाप 25 आइपीएस अधिकारियों की सूची इसी क्रम में जारी की है।