चोरों ने काटे ओवरहेड तार के जोड़, चरमराई रेल सेवा; रांची इंटरसिटी और जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस के थमे पहिए
Dhanbad News: चोरों ने धनबाद रेल मंडल के कुसुंडा-तेतुलमारी लिंक लाइन और टोरी-शिवपुर रेल खंड से ओवरहेड तार काट लिए, ...और पढ़ें

धनबाद में ओवरहेड तार कटने से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चोरों ने कुसुंडा-तेतुलमारी लिंक लाइन से एंटी क्रिप वायर काटा।
टोरी-शिवपुर रेल खंड से ओवरहेड फिटिंग और तार काटे गए।
ओएचई ट्रिपिंग के कारण धनबाद में कई ट्रेनें रुकी रहीं।
जागरण टीम, धनबाद-निचितपुर। धनबाद रेल मंडल के अलग-अलग हिस्से में चोरों ने ओवरहेड तार काट लिया। इस वजह से यात्री ट्रेनें अलग-अलग स्टेशन पर थमी रहीं। पूरे कोल एरिया बोर्ड में लगातार ओएचई ट्रिपिंग होती रही, जिससे रेल महकमा हांफता रहा।
पहली घटना कुसुंडा-तेतुलमारी लिंक लाइन की है। चोरों ने इस रेलखंड से एंटी क्रिप वायर काट लिया। कुसुंडा स्टेशन धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग पर है। ओवरहेड काट लिए जाने से यात्री ट्रेनें प्रभावित हो गईं। सुबह लगभग सात बजे इंजीनियरिंग विभाग के कीमैन ने इसकी सूचना दी।
बाद में संबंधित विभाग के कर्मचारी पहुंचे और प्रभावित हिस्से में ओवरहेड तार जोड़ने का काम शुरू हुआ। दूसरी घटना टोरी-शिवपुर रेल खंड के कटोतिया साइडिंग के पास की है।
चोरों ने आठ स्पान कांटैक्ट व तार के साथ ओवरहेड फिटिंग को भी काट लिया। इन दो घटनाओं के कारण धनबाद रेल मंडल के पूरे कोल एरिया बोर्ड में निरंतर ओएचई ट्रिप होती रही।
कुसुंडा में धनबाद-रांची और धनबाद में थमी जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस
ओवरहेड तार काट लिए जाने के कारण धनबाद से खुली रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस काे कुसुंडा के पास रोक दिया गया। जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस धनबाद स्टेशन पर काफी देर तक रुकी रही। बाद में ओवरहेड तार की मरम्मत के बाद रेल सेवा बहाल हुई।
