विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के रेंगुनी में पार्सल विवाद बना हिंसक, पुलिस पर पथराव

By Amrit Bouri Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Wed, 18 Feb 2026 01:15 PM (IST)

Attack on Dhanbad Policeः धनबाद के रेंगुनी में पार्सल गिरने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। एक ...और पढ़ें

ग्रामीणों के हमले में पुलिस का क्षतिग्रस्त वाहन।

ग्रामीणों के हमले में पुलिस का क्षतिग्रस्त वाहन।

HighLights

  1. पार्सल गिरने के विवाद में दो पक्षों में झड़प हुई।

  2. हिंसक पत्थरबाजी में कई लोग घायल, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त।

  3. पुलिस ने फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

संवाद सहयोगी, जागरण, निचितपुर (धनबाद)। Attack on Dhanbad Policeः झारखंड के धनबाद जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के रेंगुनी में पार्सल गिरने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। असर्फी कैंसर अस्पताल के पास रास्ते में एक डिलीवरी ब्वाय का पार्सल गिर गया था, जिसे पास के एक मकान में रहने वाले लोगों ने उठा लिया। जब युवक अपने तीन-चार साथियों के साथ पार्सल तलाशते हुए वहां पहुंचा तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

मारपीट की सूचना मिलते ही रेंगुनी में तनाव फैल गया। युवक ने अपने मोहल्ले में घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। पत्थरबाजी में एक पक्ष के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई और आसपास के घरों में लोग दुबक गए। यह घटना मंगलवार की देर शाम घटी। 

घटना की सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने रेंगुनी हरिजन टोला के पास खड़ी पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेतुलमारी थाना और भूली ओपी से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

बाद में कतरास अंचल के इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी ने पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए इलाके में फ्लैग मार्च किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और एहतियातन इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।