DMC: 400 खराब हैंडपंप दुरुस्त कराने में हांफ रहा नगर निगम, रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए पांच बार निकाला जा चुका है टेंडर
धनबाद नगर निगम अपने 400 हैंडपंप के रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए परेशान हैं। इन हैंडपंप को ठीक करने के लिए कोई भी ठेकेदार दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। नतीजा यह है कि नगर निगम को 5वीं बार 400 हैंडपंप के रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए टेंडर निकालना पड़ा है।
धनबाद, जेएनएन। इन दिनों नगर निगम अपने 400 हैंडपंप के रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए परेशान हैं। लाख कोशिशों के बावजूद इन हैंडपंप को ठीक करने के लिए कोई भी ठेकेदार दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। नतीजा यह निकला कि नगर निगम को पांचवीं बार 400 हैंडपंप के रिपेयर और मेंटेनेंस के लिए टेंडर निकालना पड़ा है। इसमें भी किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। वार्ड संख्या 18 से 24 तक 300 और वार्ड संख्या 34 से 44 तक 100 हैंडपंप का रिपेयर और मेंटेनेंस किया जाना है। इसके लिए ढाई करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान भी किया गया है। बावजूद ठेकेदार इनकी मरम्मत के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
इस संबंध में निगम के अधिकारियों का कहना है कि कई बार टेंडर निकालने के बाद भी किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। संभावना है कि निगम स्वयं हैंडपंप रिपेयर कराएगा। सभी हैंडपंप धनबाद अंचल, छाताटांड अंचल और झरिया अंचल में स्थित है। इन तीनों अंचल में कई इलाके ऐसे हैं जो सिर्फ हैंडपंप के पानी के भरोसे हैं, ऐसे में ठीक किया जाना बेहद जरूरी है। एक बड़ी आबादी इस पर आश्रित है। पेयजल विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति रोके जाने के बाद इन्हीं हैंडपंप से लोगों को पानी मिलता है।