सड़क घोटाले में आरोपित IAS चंद्र मोहन कश्यप को नहीं मिली पोस्टिंग, विवादों से भरा रहा कार्यकाल Dhanbad News
मौजूदा नगर प्रशासक चंद्र मोहन कश्यप लगभग तीन साल से नगर आयुक्त के पद पर पदस्थापित थे। फिलहाल इनकी कहीं पोस्टिंग नहीं की गई है। इन्हें कार्मिक विभाग के साथ अटैच किया गया है।
धनबाद, जेएनएन। रांची के अपर समाहर्ता सत्येंद्र कुमार को धनबाद नगर निगम का नगर आयुक्त सह नगर प्रशासक बनाया गया है। इससे पहले भी सत्येंद्र कुमार धनबाद में अपर समाहर्ता और निरसा बीडीओ के पद पर रह चुके हैं। वे मौजूदा नगर प्रशासक चंद्र मोहन कश्यप की जगह लेंगे। चंद्र मोहन कश्यप लगभग तीन साल से नगर आयुक्त के पद पर पदस्थापित थे। फिलहाल इनकी कहीं पोस्टिंग नहीं की गई है। इन्हें कार्मिक विभाग के साथ अटैच किया गया है।
चंद्र मोहन कश्यप का कार्यकाल भी बेहद उथल- पुथल भरा रहा। इसी साल एसीबी की छापेमारी हुई। 200 करोड़ रुपए के सड़क निर्माण घोटाले की जांच अभी तक जारी है। इसमें नगर आयुक्त चंद्र मोहन कश्यप को भी आरोपित बनाया गया है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली एजेंसी रैमकी से विवाद जगजाहिर है। एजेंसी का लगभग 7 करोड रुपए बिल अभी तक पास नहीं हो सका है। सफाई कर्मियों को हटाया जाना भी इनके कार्यकाल का ही हिस्सा रहा।
हालांकि इन सबके बीच राजस्व बढ़ोतरी का श्रेय भी चंद्र मोहन कश्यप को जाता है। होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज, विज्ञापन एजेंसियों से बकाया वसूली हुई। जिन विज्ञापन एजेंसियों से प्रतिवर्ष 80 लाख रुपए राजस्व की प्राप्ति होती थी, इस वर्ष एक करोड़ 78 लाख राजस्व प्राप्ति हुई।