जब मेयर ने पकड़ी ट्रैक्टर की स्टीयरिंग तो हो गया समस्या का समाधान
नगर आयुक्त और पार्षदों के सफाई के मोर्चे पर उतरने के बाद सफाईकर्मी भी दीपावली के मद्देनजर नरमी दिखाई। उन्होंने हड़ताल स्थगित कर दी।
धनबाद, जेएनएन।आम ताैर पर राजनीति में समाजसेवा की ऐसी मिसाल विरले ही देखने को नहीं मिलती है जैसी मंगलवार को धनबाद शहर में दिखी। साफ-सफाई और रोशनी के त्योहार दीपावली के माैके पर शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों में जगह-जगह कचरे के ढेर का नजारा चहुंओर था। सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण साफ-सुथरा दिखने वाले स्थानों पर भी कचरे के ढेर दिख रहे थे। ऐसे में सफाई का बीड़ा खुद धनबाद नगर निगम के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने उठाया। वे जब निगम के अधिकारियों और संबंधित वार्ड के पार्षदों के साथ हाथ में कुदाल और बेल्चा लेकर कचरे के ढेर पर उतरे तो समस्या का समाधान हो गया।
बोनस समेत 23 सूत्री मांग को लेकर धनबाद नगर निगम के सफाईकर्मी सोमवार से हड़ताल पर थे। साफ-सफाई नहीं होने के कारण शहर में चारों तरफ गंदगी दिखने लगी थी। सफाईकर्मी जब नहीं माने तो मंगलवार को मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने खुद पहल की। उन्होंने अपनी देखरेख में शहर के कई वार्डों में सफाई अभियान चलवाया। इस दौरान वे न सिर्फ कचरा उठाते दिखे बल्कि खुद ट्रैक्टर चलाकर ढोया भी। उनके साथ नगर आयुक्त चंद्र मोहन कश्यप भी सफाई का मोर्चा संभाले हुए थे। पार्षद पति मनोरंजन सिंह ने भी समर्थकों के साथ सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
दूसरी तरफ मेयर, नगर आयुक्त और पार्षदों के सफाई के मोर्चे पर उतरने के बाद सफाईकर्मी भी दीपावली के मद्देनजर नरमी दिखाई। उन्होंने हड़ताल स्थगित कर दी। झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के अंजनी सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। दीपावली और छठ को देखते हुए हमलोगों ने तत्काल हड़ताल टाल दी है। सफाई कर्मी काम के दाैरान काला पट्टी लगाकर अपना विरोध जारी रखेंगे। छठ तक मांग पूरी नहीं हुई तो फिर से हड़ताल की जाएगी।