लॉकडाउन में पत्नी संग स्केच बनाते देखे गए मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, इमरजेंसी सेवाओं का भी लिया जायजा Dhanbad News
लॉकडाउन होने के बावजूद मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल इमरजेंसी सेवा के तहत बुधवार को निगम क्षेत्र का चक्कर लगाते रहे। क्षेत्र को सैनिटाइज कराने के बाद घर पहुंचकर परिवार को समय दिया।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन होने के बावजूद मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल इमरजेंसी सेवा के तहत बुधवार को निगम क्षेत्र का चक्कर लगाते रहे। क्षेत्र को सैनिटाइज कराने के बाद घर पहुंचकर परिवार को समय दिया। मेयर और उनकी पत्नी वीणा अग्रवाल ने स्केच में हाथ आजमाया। अपने स्केच के जरिए बताया कि अगर आप बाहर नहीं जा सकते तो खुद की अपने अंदर तलाश करें। इसके आपकी प्रतिभा सहयोग करेगी। इस दौरान टीवी पर देश भर के हालात भी देखते रहे।
मेयर सुबह की दिनचर्या की शुरुआत समाचार पत्र पढने से कर रहे हैं। स्थानीय से लेकर देश-दुनिया की खबर पढने के बाद धनबाद के मौजूदा हालात पर पदाधिकारियों से बात करते हैं। मेयर बुधवार को दोपहर बाद सिंदरी पहुंचे। यहां सैनिटाइज व्यवस्था का मुआयना भी किया। निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को निर्देश भी दिया कि हर जगह सैनिटाइज होना चाहिए। इसके बाद शाम को अपने घर पहुंचे।
कुछ देर आराम करने के बाद पत्नी के साथ बैठकर टीवी पर देश-दुनिया का हाल जाना फिर स्केच बनाने लगे। मेयर और उनकी पत्नी को स्केच करना काफी पसंद है। इसके बाद अमेरिका में रह रही अपनी बेटी से फोन पर बात की। मेयर ने दैनिक जागरण से बताया कि बेटी से कभी वीडियो कॉलिंग तो कभी मैसेजिंग के जरिए बात हो जाती है।