धनबाद मेयर संजीव सिंह का मधुबन बचाओ आंदोलन को समर्थन, बीसीसीएल नीतियों पर साधा निशाना
धनबाद मेयर संजीव सिंह ने मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा की आमसभा में ग्रामीणों का समर्थन किया, बीसीसीएल प्रबंधन और एमडीओ की नीतियों का विरोध किया।

धनबाद के मेयर संजीव सिंह का स्वागत करते मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी। (फोटो जागरण)
HighLights
मेयर संजीव सिंह ने मधुबन बचाओ मोर्चा का समर्थन किया।
बीसीसीएल और एमडीओ की नीतियों का जोरदार विरोध।
ग्रामीणों को मुआवजा, नियोजन, पुनर्वास का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, नावागढ़ (धनबाद)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को मधुबन कोलियरी कार्यालय स्थित मैदान में मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में आमसभा का आयोजन किया गया। बीसीसीएल प्रबंधन और एमडीओ की नीतियों के विरोध में आयोजित सभा में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने ग्रामीणों और रैयतों के समर्थन में जोरदार हुंकार भरी।
संजीव सिंह का काफिला नावागढ़ मोड़ पहुंचा जहां उन्होंने सर्वप्रथम विनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
जिसके बाद मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में गाजा बाजा के बीच नारेबाजी करते हुए काफिला जुलूस की शक्ल में सभास्थल की ओर रवाना हुआ। जोश से भरे ग्रामीण युवाओं ने जगह जगह जमकर आतिशबाजी किया। उक्त जुलूस मधुबन पहुंचकर सभा में तब्दील हो गयी।
मेयर संजीव सिंह ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज कारगिल विजय दिवस है। आज के ही दिन हमारे देश के वीर जवानों ने विरोधियों और देश के दुश्मनों को खदेड़कर तिरंगा लहराया था। इस पावन अवसर पर मैं आप सभी को यह विश्वास दिलाता हूं कि आप इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं, आपकी यह लड़ाई अब मेरी अपनी लड़ाई बन गयी है।
जब तक मधुबन के ग्रामीणों और रैयतों को उनका हक और न्याय नहीं मिल जाता है, मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं। इसके लिए चाहे जितनी बड़ी लड़ाई लड़नी पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि ना ही प्रबंधन से मेरा कोई गोतियारों चलता है, ना ही प्रबंधन के साथ मेरा कोई बिजनेस का टर्म और कंडीशन है। ना ही मेरी कोई पार्टनरशिप है कि हमको उसके बारे में चिंता करनी है।
हमको अगर चिंता करनी है तो यहां के स्थानीय लोगों की, मातृ शक्ति, हमारे नौजवान भाइयों तथा हमारे सारे अभिवावक की करनी है। ये जिम्मेवारी हम लोगों की है। मैं यह विश्वास दिलाता हूं कि आप लोगों के साथ न्याय होगा चाहे जिस भी स्तर पर लड़ाई लड़नी होगी। आपका ये भाई आपके साथ खड़ा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज से आपकी सारी जिम्मेदारी मेरी है। बहुत जल्द इस विषय पर बीसीसीएल प्रबंधन के साथ मेरी वार्ता होगी।
मुआवजा, नियोजन और पुनर्वास को लेकर लंबे समय से जारी है आंदोलन
मालूम हो कि मधुबन मौजा के ग्रामीण और रैयतों की मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जमीन के बदले उचित मुआवजा, नियोजन और पुनर्वास की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चला आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हम अपनी जमीन बीसीसीएल प्रबंधन को देंगे, ना कि किसी एमडीओ मोड के निजी कंपनी को।
इसके एवज में पूर्व के मामले का जमीन के बदले बकाया नियोजन दे। फिलहाल जमीन के बदले बीसीसीएल में नियोजन व नियमानुसार मुआवजे का भुगतान करने तथा सौ वर्ष पूर्व कंपनी द्वारा बसाया गया, मधुबन के खिलान धौड़ा,सोनानगर, कुटकुटिया पट्टी, बंगला धौड़ा, परसबनियां कालोनी,मोहनपुर,धोवा टांड़ आदि जगहों पर काफी संख्या में बसे लोगों को उचित मुआवजा के साथ विस्थापन करने जैसी अन्य मांगे शामिल है।
मालूम हो कि प्रबंधन द्वारा मधुबन कोलियरी में एमडीओ मोड के तहत मेसर्स इंदुकुरी मधुबन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को कोयला उत्खनन एवं उससे संबंधित कार्य हेतु निबंधित किया गया है।उक्त टेंडर के तहत मधुबन कोलियरी अंतर्गत कुल छह मौजा की 393.37 हेक्टेयर भूमी जो रैयती और गैर आवाद जमीन है।
उसे लीज/पट्टा के लिये राज्य सरकार को अनुमोदन के लिये भेजा गया है,जिसका शुरू से ही ग्रामीण, किसान और रैयत विरोध करते आ रहे हैं। प्रबंधन किसान, मजदूर विरोधी नीति के तहत रैयतों की उपजाऊ जमीन को निजी कंपनी के हाथों में सौंपकर उसे अपनी ही जमीन से बेदखल करने की साजिश कर रही है। बीसीसीएल और एमडीओ की नीतियां स्थानीय लोगों के हितों के खिलाफ हैं।
एमडीओ मोड में खदान सौंपने के बाद से ग्रामीणों के रोजगार और पुनर्वास पर संकट मंडराने लगा है। जिससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। इधर रविवार को आयोजित इस आमसभा में मधुबन और आसपास के क्षेत्रों से काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किसान, रैयत और युवा वर्ग शामिल थे।
सभा में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी बीसीसीएल प्रबंधन की वादाखिलाफी पर जमकर भड़ास निकाली। मेयर संजीव सिंह की मोर्चा को सीधे समर्थन में उतरने से मधुबन बचाओ संघर्ष मोर्चा के आंदोलन को एक नई दिशा और राजनीतिक मजबूती मिलने से लोग अति उत्साहित दिखाई दे रहे थे।
मौके पर डेगलाल महतो, मुकेश कुमार महतो, स्वरुपानंद महतो, अमित महतो, सुमन बाउरी, करण महतो, सुदामा महतो, कैलाश महतो, भरत महतो, अरुण दे आदि मौजूद थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।