विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमारधुबी का मांगुर मछली कारोबारी गिरफ्तार, पिस्तौल व कारतूस बरामद

Published: Sun, 12 Jul 2026 09:34 PM (IST)

Dhanbad News: मैथन मोड़ निवासी प्रतिबंधित मांगुर मछली कारोबारी सागर यादव को पश्चिम बंगाल पुलिस ने पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

पश्चिम बंगाल पुलिस की गिरफ्त में सागर यादव। (फोटो जागरण)

पश्चिम बंगाल पुलिस की गिरफ्त में सागर यादव। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. मैथन के सागर यादव को पश्चिम बंगाल पुलिस ने पकड़ा।

  2. गिरफ्तारी के दौरान पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए।

  3. सागर यादव पर अवैध मछली कारोबार के कई मामले दर्ज।

संवाददाता जागरण, मैथन (धनबाद)। प्रतिबंधित मांगुर मछली कारोबार से जुड़े कुमारधुबी क्षेत्र के मैथन मोड़ निवासी 28 वर्षीय सागर यादव को पश्चिम बंगाल की रूपनारायणपुर पुलिस ने शनिवार को एक पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसे रविवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे आसनसोल जेल भेज दिया गया।

सूचना के मुताबिक शनिवार की देर शाम रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी की टीम स्थानीय केबल्स क्वार्टर इलाके में रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर सागर यादव पर पड़ी। वह संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। पुलिस की गाड़ी देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिस ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सागर यादव बताया।

मालूम हो कि कुछ महीने पहले ही अवैध मछली के कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर सागर यादव ने चिरकुंडा स्थित मछली के कारोबारी रोशन बरनवाल के घर के समीप फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इसको लेकर रोशन बरनवाल ने चिरकुंडा थाने में मामला दर्ज कराया था।

वहीं गोविंदपुर पुलिस भी पिछले कई महीनों से सागर यादव को ढूंढ रही थी। उसके खिलाफ गोविंदपुर थाना में भी कई मामले दर्ज हैं। जानकारी हो कि पश्चिम बंगाल से भारी मात्रा में अवैध मांगुर मछली के साथ अन्य मछलियों का कारोबार होता है।

जिसमें स्थानीय दलाल कमीशन के लिए मैथन ओपी क्षेत्र स्थित एनएच 19 के आसपास खड़े रहते हैं और पश्चिम बंगाल से आने वाली मछली लदी गाड़ियों को बिल्टी या पासिंग के नाम से मोटी रकम वसूलते हैं। जिसमें स्थानीय पुलिस की भी मिलीभगत होती है। प्रतिबंधित मछली के कारोबार में समय-समय पर कई कारोबारी शामिल होते हैं। उसी वर्चस्व को लेकर आपस में टकराव होता रहता है।