पत्नी के सामने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा, धनबाद में अनोखा प्रेम प्रसंग
Dhanbad Love Story: धनबाद के महुदा मोड़ पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सामने कथित प्रेमिका के माथे में ...और पढ़ें

महुदा मोड़ में प्रेमिका के साथ खड़ा युवक।
HighLights
पति ने पत्नी के सामने प्रेमिका को सिंदूर लगाया।
पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को हिरासत में लिया, जांच जारी।
दोनों पक्षों के बीच सुलह का प्रयास विफल रहा।
संवाद सूत्र, जागरण, महुदा (धनबाद)। महुदा मोड़ में शुक्रवार सुबह एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। बागड़ा निवासी राखोहरि महतो ने अपनी पत्नी के सामने ही अपनी कथित शादीशुदा प्रेमिका के माथे में सिंदूर भर दिया। पति की इस हरकत से महिला सकते में आ गई और शोर मचाने लगी। देखते ही देखते वहां लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई।
प्रेमी-प्रेमिका दोनों दिहाड़ी मजदूर
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के पति तथा उसकी कथित शादीशुदा प्रेमिका को अपने साथ थाने ले गई, जहां पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। राखोहरि की पत्नी ने बताया कि उसका पति दिहाड़ी मजदूर है। ढलाई के काम के लिए वह अन्य मजदूरों के साथ जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात तेलमच्चो की एक महिला से हुई, जो स्वयं भी ढलाई के काम में मजदूरी करती थी।
विरोध करने पर युवक पत्नी के साथ करता मारपीट
पिछले छह माह से दोनों के बीच काफी नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसकी शिकायत उसने महिला के पति और उसके ससुराल वालों से भी की, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। शिकायत करने पर उसका पति उसके साथ मारपीट भी करता था।
पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ा तो हुआ तमाशा
गुरुवार को उसके पति ने बताया कि वह शुक्रवार को लिफ्ट ढलाई के काम के लिए जाएगा। इस पर उसे संदेह हुआ और वह उसका पीछा करते हुए तेलमच्चो पहुंच गई। महुदा मोड़ पर उसका पति महिला को अपनी बाइक पर बैठाने ही वाला था कि तभी उसने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच तकरार होने लगी। इसी दौरान उसने पास की दुकान से सिंदूर लाकर महिला के माथे में भर दिया।
दोनों के दो-दो बच्चे
सूचना मिलने पर मुखिया पति शिबू महतो भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक दोनों प्रेमी-प्रेमिका मानने को तैयार नहीं थे।
थाना प्रभारी ललित रंजन भगत ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर आगे निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्रेमिका को उसके घर भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी को थाने में ही रखा गया है। दोनों के दो-दो बच्चे हैं।
