यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dhanbad: मुख्य डाकघर के कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला... नहीं तो मुश्किल होता आग पर काबू पाना
संजोग अच्छा था कि शॉर्ट सर्किट से रात में आग नहीं लगी वरना मुख्य डाकघर धू-धू कर जल सकता था। आग पर काबू पाना भी मुश्किल हो सकता था। कोर्ट परिसर रोड स्थित मुख्य डाकघर में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी।

जागरण संवाददाता, धनबाद: संजोग अच्छा था कि शॉर्ट सर्किट से रात में आग नहीं लगी वरना मुख्य डाकघर धू-धू कर जल सकता था। आग पर काबू पाना भी मुश्किल हो सकता था। कोर्ट परिसर रोड स्थित मुख्य डाकघर में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। जिसके बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल बिजली विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति को बंद करा दिया। कर्मियों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकल भी मौके पर पहुंच गई कुछ देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग पोस्ट ऑफिस के प्रवेश द्वार के पास आधार काउंटर के समीप लगी थी। घटना के समय आंधी के साथ बारिश हो रही थी। स्टोर रूम में इलेक्ट्रॉनिक पैनल में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। आग कंप्यूटर के कुछ पार्ट्स के साथ कागजात में लगने के बाद तेज हो गई। और कुछ सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना से आसपास में धुआं भर गया। घटना के समय काफी संख्या में लोग डाकघर में मौजूद थे। कर्मचारियों के साथ सभी को कार्यालय से दूर होने को कहा गया। हालांकि हालात बिगड़ने से पहले ही कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी। जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में 15 से 20 हजार का नुकसान होने की बात कही जा रही है।
रात में शॉर्ट सर्किट होती तो हो सकता था बड़ा हादसा
मुख्य डाकघर में अगर रात में आगजनी की घटना हुई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चौकी घटना के दौरान कार्यालय में कर्मचारी मौजूद थे और उन लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को फोन कर कनेक्शन कटवा दिया। तत्काल मौके पर फायर विभाग की टीम भी पहुंच गई यही वजह थी कि आग पर तत्काल काबू पा लिया गया। अन्यथा रात होने के कारण तमाम व्यवस्था तत्काल नहीं हो पाती और इससे बड़ी घटना घट सकती थी।