विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली ही नहीं, धनबाद में भी सुरक्षित है संविधान की ऐतिहासिक विरासत; जानिए राज्य पुस्तकालय में रखी संविधान की प्रति की खासियत

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:00 AM (IST)

धनबाद के मास्टर सोबरन मांझी राज्य पुस्तकालय में भारतीय संविधान की सात दशक से अधिक पुरानी एक ऐतिहासिक प्रति सुरक्षित है। 

संविधान की इस ऐतिहासिक प्रति को सुरक्षा के दृष्टिकोण से राज्य पुस्तकालय कार्यालय की आलमारी में सुरक्षित रखा गया है।

संविधान की इस ऐतिहासिक प्रति को सुरक्षा के दृष्टिकोण से राज्य पुस्तकालय कार्यालय की आलमारी में सुरक्षित रखा गया है।

HighLights

  1. धनबाद पुस्तकालय में सात दशक पुरानी संविधान प्रति सुरक्षित।

  2. संविधान दिवस पर छात्रों ने ऐतिहासिक प्रति देखी, उत्साहित हुए।

  3. मूल प्रति पर संविधान सभा के 284 सदस्यों के हस्ताक्षर।

रविशंकर सिंह, धनबाद। भारतीय गणतंत्र और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यादें केवल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि धनबाद में भी लोकतंत्र की एक अनमोल विरासत सुरक्षित है। 

 
शहर के गोल्फ ग्राउंड स्थित मास्टर सोबरन मांझी राज्य पुस्तकालय में सात दशक से अधिक पुराना भारतीय संविधान आज भी पूरी देखरेख के साथ संभालकर रखा गया है। 
 
वर्ष 1953 में स्थापित इस पुस्तकालय में संरक्षित यह ऐतिहासिक प्रति धनबादवासियों के लिए गौरव का विषय है। संविधान दिवस के अवसर पर यह धरोहर नागरिकों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का अहसास कराने के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम की यादों को भी ताजा करती है। 
 
संविधान दिवस से एक दिन पहले बुधवार को राज्य पुस्तकालय में संविधान की प्रति छात्र-छात्राओं को दिखाई गई, जिसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। कई विद्यार्थियों ने इस ऐतिहासिक प्रति के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
 

सुरक्षा के बीच संजोई गई अनमोल विरासत 

samvidhan1

राज्य पुस्तकालय के लाइब्रेरियन अनीस कुमार ने बताया कि संविधान की इस ऐतिहासिक प्रति को सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्यालय की आलमारी में सुरक्षित रखा गया है। 
 
विशेष अवसरों अथवा अनुमति मिलने पर विद्यार्थियों और जिज्ञासु लोगों को इसे देखने का अवसर प्रदान किया जाता है।
 
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश को सशक्त लोकतांत्रिक ढांचा देने वाले संविधान की प्रति पुस्तकालय की अत्यंत महत्वपूर्ण धरोहर है। 
 
संविधान की मूल अंग्रेजी प्रति को नजदीक से देखना और उसके ऐतिहासिक महत्व को समझना हर किसी के लिए गौरव की बात है।
 

विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए विशेष महत्व 

बीबीएमकेयू की राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजू कुमारी ने कहा कि संविधान मात्र शासन चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला है। 
 
वहीं, एसएसएलएनटी की राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर डॉ. सोमिता तिवारी ने कहा कि धनबाद के राज्य पुस्तकालय में ऐसी ऐतिहासिक प्रति का सुरक्षित होना यहां के समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। 
 
यह विद्यार्थियों, शोधार्थियों और इतिहास में रुचि रखने वालों को संविधान की यात्रा को करीब से समझने का अवसर देता है।
 
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं छात्राओं प्रियंका सिंह, अनुष्का प्रिया, मुस्कान कुमारी और सरिता मरांडी तथा छात्रों प्रदीप महतो और सनाउल्ला अंसारी ने कहा कि संविधान की प्रति को सामने देखकर लोकतंत्र के वास्तविक अर्थ और महत्व का गहरा अहसास होता है।
 

युवाओं में दिखी ऐतिहासिक दस्तावेज देखने की उत्सुकता 

बुधवार को पुस्तकालय पहुंचे विद्यार्थियों में संविधान की प्रति को लेकर भारी उत्साह नजर आया। युवाओं ने इसे उत्सुकता से निहारा और इसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। 
 
इस दौरान लाइब्रेरियन अनीस कुमार और अमरजीत कुमार ने छात्रों को संविधान के महत्व तथा इसके ऐतिहासिक सफर की जानकारी दी। 
 
डिजिटल युग में ऐतिहासिक दस्तावेजों के प्रति युवाओं की यह रुचि पुस्तकालय प्रबंधन के लिए भी उत्साहजनक रही।
 

मूल प्रति की विशेषता और 284 हस्ताक्षरों की पहचान 

भारत का मूल संविधान हस्तलिखित है। इसकी अंग्रेजी प्रति प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने आकर्षक कैलीग्राफी में लिखी थी, जबकि नंदलाल बोस और उनकी टीम ने इसके पन्नों को भारतीय इतिहास, संस्कृति और सभ्यता से जुड़े चित्रों से सजाया था।
 
हिंदी मूल प्रति भी हस्तलिखित है और दोनों मूल प्रतियां 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने से पूर्व तैयार की गई थीं।
 
संविधान की मूल प्रति पर 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा के 284 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे, जिनमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। 
 
धनबाद के राज्य पुस्तकालय में रखी प्रति के अंतिम पन्नों पर भी हिंदी और अंग्रेजी में संविधान सभा के सदस्यों के हस्ताक्षर मौजूद हैं, जो इसे ऐतिहासिक महत्व प्रदान करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।