विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन पहले कमाने गए, अब शव का इंतजार; कोलकाता हादसे में धनबाद के मजदूर की मौत

Published: Thu, 25 Jun 2026 08:30 PM (IST)

Taratala Warehouse Accident: कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई, जिसमें धनबाद के सालुकचपड़ा निवासी गणेश कालिंदी भी शामिल थे। 

HighLights

  1. कोलकाता गोदाम हादसे में 11 लोगों की मौत।

  2. धनबाद के गणेश कालिंदी भी हादसे का शिकार।

  3. गणेश परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।

संवाद सूत्र, कालूबथान (धनबाद)। Kolkata warehouse collapse पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम का एक हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इस हादसे में धनबाद के सालुकचपड़ा निवासी गणेश कालिंदी की भी मौत हो गई। 

Kolkata warehouse Accident

गणेश कालिंदी की मौत के बाद सालुकचपड़ा गांव शोक में डूब गया है। गणेश अब इस दुनिया में नहीं रहा, इसकी जानकारी गांववालों ने अभी तक उसके विकलांग सेवानिवृत शिक्षक कालीपद कालिंदी व मां मीना कालिंदी को नहीं दी है। दोनों बीमार रहते हैं।

गणेश की मौत की खबर पाकर उन्हें कुछ हो न जाए, इसलिए गांववालों ने उन्हें कुछ भी बताना अभी उचित नहीं समझा है। गणेश का शव गुरुवार की रात तक गांव नहीं लाया गया है। गणेश के जीजा शिवनाथ बाध्यकर व भांजा गौतम बाध्यकर शव लाने के लिए कोलकाता गए हैं।

परिवार वाले व गांव की सरस्वती गोराई फोन पर संपर्क में हैं। संभवत: कल पोस्टमार्टम होने के बाद शव को गांव लाया जाएगा। स्वजन को शव का इंतजार है। 

15 दिन पहले साथियों के साथ कमाने के लिए गया था कोलकाता

स्वजनों ने बताया कि 15 दिन पहले ही गणेश अपने गांव के सात लोगों के साथ किसी राजेश नामक व्यक्ति के कहने पर कोलकाता के तरातला में निर्माणाधीन चाय गोदाम में मजदूरी करने गया था। वहां उसे प्रतिदिन 500 रुपये की मजदूरी मिलती थी। दो दिन पहले ही उसके तीन साथी गांव लौट गए हैं।

इधर बुधवार की शाम को कोलकाता से बेटी मोमिता को फोन कर बताया गया कि कार्य के दौरान दोपहर लगभग 12 बजे गणेश एक हादसे का शिकार हो गया है व इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। यह सुनकर स्वजन हतप्रभ हो गए। उनके पैरों तले जमीन खीसक गई।

बेटी मोमिता को पहले तो सहज यह विश्वास नहीं हो रहा था कि उसके पिता अब अब इस दुनिया में नहीं रहे। बाद में उसने इस बात की जानकारी मां लक्खी कालिंदी, बहन निकिता, रितिका व भाई जगरनाथ, बड़े चाचा बामापद कालिंदी, चाची करुणा बाध्यकर को दी। घर में चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग जुट गए। देखते ही देखते पूरे गांव में मातम पसर गया।

घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था गणेश

गणेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहड़ा टूट गया है। पिता के सेवानिवृत होने के बाद गणेश की कमाई से ही पूरे परिवार का भरण पोषण होता था। बेटी की पढ़ाई होती थी। बेरोजगार बड़े भाई व उसके परिवार को संभालने की जिम्मेवारी भी गणेश के कंधे पर थी। उसकी मौत के बाद अब परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा, इसकी चिंता स्वजनों को सता रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।