विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में 80 लाख का सोना लेकर गायब हुआ ज्वेलर्स का स्टाफ, लावारिस मिली कार; दो एंगल से जांच कर रही पुलिस

Published: Wed, 20 May 2026 09:43 AM (GMT+05:30)

Dhanbad News: कुमारधुबी के मदन लाल अग्रवाल ज्वेलर्स का कर्मी राणा चटर्जी 80 लाख रुपये के गोल्ड बार लेकर फरार ...और पढ़ें

लापता कर्मचारी राणा चटर्जी की पत्नी से पूछताछ करती कुमारधुबी ओपी की पुलिस। (फोटोः जागरण)

लापता कर्मचारी राणा चटर्जी की पत्नी से पूछताछ करती कुमारधुबी ओपी की पुलिस। (फोटोः जागरण)

HighLights

  1. ज्वेलर्स कर्मी 80 लाख रुपये का सोना लेकर फरार।

  2. धनबाद के बैंक मोड़ से लावारिस मिली कार।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, कुमारधुबी (धनबाद)। कुमारधुबी बाजार स्थित मदन लाल अग्रवाल ज्वेलर्स के कर्मी राणा चटर्जी के 80 लाख रुपये मूल्य के गोल्ड बार लेकर फरार होने का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना 17 मई की बताई जा रही है। मामले को लेकर दुकान मालिक पियूष अग्रवाल ने मंगलवार को कुमारधुबी ओपी में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कुमारधुबी से सोने की जांच कराने आया था धनबाद 

राणा चटर्जी शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे कार से गोल्ड बार लेकर धनबाद के बैंक मोड़ के लिए निकला था। वहां एक सेंटर में सोने की जांच करानी थी। करीब एक घंटे बाद वह बैंक मोड़ पहुंचा, लेकिन संबंधित सेंटर बंद मिला। इसके बाद उसने वापस लौटने की बात कही। हालांकि, धनबाद से लौटने के बावजूद वह ज्वेलर्स दुकान नहीं पहुंचा।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद शाम करीब पांच बजे उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद स्वजनों एवं ज्वेलर्स प्रबंधन की चिंता बढ़ गई।

दुकान मालिक पियूष अग्रवाल ने बताया कि कर्मी के नहीं लौटने पर लगातार दो दिनों तक उसकी खोजबीन की गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल के कुल्टी स्थित उसके घर भी जाया गया, लेकिन वहां भी उसका कोई पता नहीं चला। परिवार वालों ने भी उसकी गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।

इधर, जीपीएस के जरिए पता चला कि राणा जिस कार से गया था, वह धनबाद के बैंक मोड़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ी थी। वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में राणा चटर्जी कार पार्किंग करने के बाद बैग लेकर उतरते हुए दिखाई दे रहा है।

पियूष अग्रवाल ने आशंका जताई है कि राणा चटर्जी ने अपने साले के साथ मिलकर 80 लाख रुपये का सोना गायब किया है। उन्होंने बताया कि राणा का ससुराल पंचेत में है और पूरे मामले में परिवार की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

अंतिम लोकेशन बंगाल के कल्याणेश्वरी में मिला

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल स्विच ऑफ होने से पहले उसकी अंतिम लोकेशन कल्याणेश्वरी क्षेत्र में मिली थी। वहीं, मामले की जांच कर रहे आईओ कोलेश्वर उरांव ने राणा चटर्जी की पत्नी को ओपी बुलाकर पूछताछ की।

पत्नी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उसकी पति से अंतिम बार बात हुई थी। इसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। उसने मामले की जानकारी होने से इन्कार किया है।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार कर्मी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस साजिश और अपहरण दोनों एंगल से जांच कर रही है।