XP 100: झारखंड में आ गया इंडियन ऑयल का 160 रुपये प्रति लीटर वाला पेट्रोल, जानें इसकी खासियत
XP 100 इस तरह के ईंधन का उपयोग अमेरिका और जर्मनी जैसे देश कर रहे हैं। ईंधन की गुणवत्ता के मामले में एक्सपी 100 एक बड़ा कदम है। यदि इसकी तुलना नियमित पेट्रोल से की जाए टॉप करीब 77 रुपए ज्यादा है। यह पेट्रोल का सबसे अच्छा ग्रेड है।
धनबाद, जेएनएन। इंडियन ऑयल का XP 100 पेट्रोल झारखंड के बाजार में भी आ गया है। इसकी बिक्री फिलहाल धनबाद और रांची में की जा रही है। दोनों शहरों के पेट्रोल पंप पर यह पेट्रोल उपलब्ध है। हालांकि कीमत सामान्य पेट्रोल से दोगुना है-160 रुपये प्रतिलीटर। जाहिर है जब दाम दोगुना है तो इसकी खासियत भी खास होगी। इंडियन ऑयल का दावा है कि अगर आप अपनी कार और बाइक में डालते हैं तो ताकत बढ़ जाएगी। न सिर्फ माइलेज बढ़ेगा बल्कि ड्राइविंग का अंदाज ही बदल जाएगा।
इंडियन ऑयल XP100 स्वदेशी तकनीक पर विकसित प्रीमियम पेट्रोल है। कीमत 160 रुपए प्रति लीटर है। यह पेट्रोल महंगा जरूर है। पर कार और बाइक में डालते हैं उसकी शक्ति दोगुनी हो जाएगी। पूरे झारखंड में यह पेट्रोल केवल दो शहरों में ही लांच किया गया है-धनबाद और रांची। इस पेट्रोल की खासियत की बात करें तो इंडियन ऑयल रिसर्च एंड डेवलपमेंट द्वारा विकसित स्वदेशी ऑक्टा मैक्स तकनीक का उपयोग कर एक्सपी 100 प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल का उत्पादन किया है। ऑक्टेन की हाई रेटिंग नॉकिंग को रेजिस्टेंस देती है। जिसके कारण इंजन के भीतर गर्मी से इंधन स्वत: प्रज्वलित होता है। सुपर कार और परफॉर्मेंस बाइक पर हाई कंप्रेशन इंजन के साथ एक उच्च ऑक्टेन विशेष रूप से काम करता है।
इस तरह के ईंधन का उपयोग अमेरिका और जर्मनी जैसे देश कर रहे हैं। ईंधन की गुणवत्ता के मामले में एक्सपी 100 एक बड़ा कदम है। यदि इसकी तुलना नियमित पेट्रोल से की जाए टॉप करीब 77 रुपए ज्यादा है। यह पेट्रोल का सबसे अच्छा ग्रेड है। वहीं धनबाद स्थित एक पेट्रोल पंप में जब लोगों ने देखा की 160 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल मिल रहा है तो सभी भौचक्क रह गए। पहले तो लोगों को समझ में नहीं आया की यह चीज क्या है, और इसकी कीमत इतनी क्यों है। इंडियन आयल के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार ने लोगों को बताया की यह सुपर प्रीमियम पैट्रोल है। जिसे बाइक और कार में डालने पर उसकी स्पीड और पावर बढ़ जाती है। यह झारखंड में केवल 2 जगहों पर ही मिल रहा है।