धनबाद मंडल में 68 दिनों में दूसरी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, 11 वैगन पटरी से उतरे; GM का दौरा रद
धनबाद रेल मंडल के गढ़वा रोड-सिगसिगी स्टेशन के बीच मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के 11 वैगन पटरी से उतर गए, जिससे रेल सेवा प्रभावित हुई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद रेल मंडल में मालगाड़ी के 11 वैगन पटरी से उतरे।
पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक का धनबाद दौरा रद हुआ।
68 दिनों में यह दूसरी मालगाड़ी दुर्घटना है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद रेल मंडल के गढ़वा रोड-सिगसिगी स्टेशन के बीच मंगलवार की सुबह मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
गढ़वा से पंडित दीन दयाल उपाध्याय-डीडीयू जा रही मालगाड़ी के 11 वैगन पटरी से उतर गये। मालगाड़ी दुर्घटना के कारण इस रेल मार्ग पर रेल सेवा प्रभावित हो गई।
बनारस से रांची जानेवाली यात्री ट्रेन का मार्ग बदल दिया गया। इस दुर्घटना के कारण पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह का बुधवार को धनबाद डीआरएम समेत अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक और हर्ल सिंदरी दौरा रद हो गया है।
68 दिनों में मालगाड़ी बेपटरी होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले चार जून को रजहरा के पास 116 डिब्बे वाली कोयला लगी लांग हाल मालगाड़ी के 15 वैगन दुर्घटनाग्रस्त हो गये थे।
रजहरा दुर्घटना की जांच जारी, इस बीच दूसरी घटना
चार जून को रजहरा में हुई मालगाड़ी दुर्घटना की जांच अब तक पूरी नहीं हुई है। इस बीच मंगलवार को दूसरी घटना हो गई। मालगाड़ी दुर्घटना ने धनबाद रेल मंडल की संरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
घटना के बाद रेल अधिकारियों का अमला घटनास्थल पर पहुंच चुका है। राहत कार्य जारी है। अप और डाउन लाइन पर परिचालन सामान्य है जबकि रिवर्सिबल लाइन प्रभावित है।
बनारस-रांची एक्सप्रेस डायवर्ट
मालगाड़ी दुर्घटना के कारण मंगलवार को चलने वाली बनारस-रांची एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाने की घोषणा की गई।
सोन नगर, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, लातेहार व बरकाकाना होकर चलने वाली ट्रेन सोन नगर से गया, गोमो, चंद्रपुरा व बोकारो हाेकर बुधवार तड़के रांची पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- धनबाद में मालगाड़ी बेपटरी होने से बनारस-रांची एक्सप्रेस का रूट बदला, कई ट्रेनों पर असर
