विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वासेपुर गैंगवार: थप्पड़ का बदला गोलियों की बाैछार से, धनबाद पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

Published: Tue, 22 Sep 2026 10:26 PM (IST)

Dhanbad Crime News: वासेपुर में गैंगवार ने नया मोड़ ले लिया है, जहां गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान ...और पढ़ें

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार और बदमाश प्रिंस खान। (फाइल फोटो)

धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार और बदमाश प्रिंस खान। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बंटी खान को थप्पड़ मारने के बाद शानू खान पर गोलीबारी हुई।

  2. प्रिंस खान के गुर्गों ने थप्पड़ का बदला गोलियों से चुकाया।

  3. धनबाद पुलिस के सामने प्रिंस खान गैंग को नियंत्रित करने की चुनौती।

डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड के धनबाद के बहुचर्चित वासेपुर में गैंगवार ने दिलचस्प मोड़ ले लिया है। गैंगस्टर प्रिंस खान के बड़े भाई बंटी खान को 14 सितंबर को वासेपुर में पुलिस ने परेड कराई, जहां पुलिस की घेराबंदी के बीच फहीम खान के बेटे इकबाल खान के एक समर्थक ने बंटी खान को लप्पड़-थप्पड़ जड़ दिया।

इस वारदात के सातवें दिन वासेपुर के भूली मोड़ पर दो बाइक सवार बदमाशों ने फहीम खान के भाई शानू खान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। माना जा रहा है कि प्रिंस खान के गुर्गों ने थप्पड़ का बदला गोलियों की बरसात से चुकाया है।

धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के लिए अब यह बड़ा सवाल है कि वे प्रिंस खान और उसके गिरोह पर किस तरह शिकंजा कसेंगे। दुबई से अपने गैंग का संचालन करने वाला प्रिंस खान पुलिस की कार्रवाई पर खुली चुनौती देता रहा है, यहां तक कि वाट्सएप वीडियो संदेश में एसएसपी को भला-बुरा कह चुका है।

प्रिंस खान का फहीम खान से संबंध पहले अच्छे थे, लेकिन अब दोनों के बीच खटास इतनी गहरी हो गई है कि प्रिंस खान ने खुलेआम फहीम खान के पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। फहीम खान के बेटे इकबाल खान पर भी हमला हो चुका है।

सूत्रों का कहना है कि प्रिंस खान गैंग पर काबू पाने के लिए धनबाद पुलिस फहीम खान के लोगों से रणनीतिक मदद ले रही है। बंटी खान को कोलकाता से पकड़कर 14 सितंबर को धनबाद लाया गया, जहां वासेपुर में उसकी बेइज्जती करते हुए परेड कराई गई।

माना जा रहा है कि प्रिंस खान ने एसएसपी प्रभात कुमार के खिलाफ की गई चुनौती का जवाब इस बेइज्जती से चुकाया, जिसके बाद फहीम खान के भाई पर गोलियां बरसाई गईं। शानू ने प्राथमिकी में प्रिंस खान और उसके परिवार के लोगों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है।

जानकारों का कहना है कि धनबाद पुलिस की रणनीति में खामियां हैं। बंटी खान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने केवल परेड कराकर मामला टालने की कोशिश की। फहीम खान के समर्थकों ने तो यहां तक कहा कि बंटी खान के एनकाउंटर की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- धनबाद पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया प्रिंस खान, वीडियो जारी कर SSP प्रभात कुमार को दी धमकी; बाबूलाल ने CM को लिखा पत्र

वासेपुर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और अब दो बाइक सवार शूटरों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है। गोलीबारी के बाद प्रिंस खान गैंग का खौफ और बढ़ गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार इस गैंग के खिलाफ सख्त कदम उठाते हैं?

यह भी पढ़ें- धनबाद के Wasseypur में फिर गैंगवार: गैंगस्टर फहीम खान के भाई पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग; महिला समेत तीन घायल