मुख्यमंत्री के पीछे-पीछे झामुमो नेताओं ने मधुपुर में डाला डेरा, धनबाद जिला उपाध्यक्ष ने की हेमंत सोरेन से मुलाकात
मधुपुर विधान सभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की गंभीरता देखी जा सकती है। मुख्यमंत्री समेत तमाम पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी और जिला कमेटियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मधुपुर पहुंच चुके हैं। काफी सरल तरीके से चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
धनबाद, जेएनएन। मधुपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से बागडोर खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संभाल ली है। उनके मधुपुर पहुंचने के बाद से ही राज्य भर के पार्टी नेताओं का वहां जमावड़ा लगा है। ऐसे में धनबाद जिला कमेटी भी पीछे नहीं है। मधुपुर विधान सभा क्षेत्र में लोगों से मिलकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में अपील कर रहे झामुमो के धनबाद जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट की और कहा कि सब ठीक है।
सिंह ने बताया कि मधुपुर विधान सभा उपचुनाव को लेकर पार्टी की गंभीरता देखी जा सकती है। मुख्यमंत्री समेत तमाम पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी और जिला कमेटियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मधुपुर पहुंच चुके हैं। काफी सरल तरीके से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। किसी को भी सभा करने की अनुमति नहीं दी गई है। सिंह ने बताया कि बूथ स्तर पर जोकर लोगों से मिलने और उनसे अपील की बात कही गई है। पिछले तीन दिनों से वे क्षेत्र भ्रमण पर हैं। जो स्थितियां नजर आयी हैं उसकी जानकारी उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दी है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जो जन समस्याएं सामने आयी हैं उससे भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया गया है।
उन्होंने कहा कि मधुपुर में पार्टी प्रत्याशी की स्थिति काफी अच्छी है। मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में सिंह के अलावा विनोद सिंह, संजय सिंह, मनोज सिंह, राजीव रंजन सिंह, चंदन सिंह, गोविंदपुर प्रखंड अध्यक्ष अख्तर अंसारी, मोबिन अंसारी आदि मौजूद थे।