Dhanbad Coronavirus News Update: एसबीआइ के अधिकारियों-कर्मचारियों पर कोरोना का हमला, होम आइसोलेशन पर डीआरएम
Dhanbad Coronavirus News Update लखनऊ से पटना होते हुए कोरोना वायरस एसबीआइ धनबाद मेन ब्रांच में पहुंचा। इसके बाद धीरे-धीरे फैलता गया।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update: धनबाद में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के अधिकारी और कर्मचारी कोरोना के कहर से हलकान-परेशान हैं। लखनऊ से पटना होते हुए कोरोना वायरस एसबीआइ धनबाद मेन ब्रांच में पहुंचा। इसके बाद धीरे-धीरे फैलता गया। अब तक एसबीआइ के 40 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी पॉजिटिव हो चुके हैं। दूसरी तरफ धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद रेल अधिकारी और कर्मचारी सकते में हैं। कोविड अस्पताल में जाने के बजाय मिश्र होम आइसोलेशन पर हैं। घर पर ही इलाज होगा।
ऐसे फैला एसबीआइ में कोरोना वायरस
एसबीआइ धनबाद मेन ब्रांच में पिछले माह ऑडिट के सिलसिले में पटना से एक ऑडिटर आया था। वह लखनऊ का रहने वाला था। लखनऊ से पटना होते हुए धनबाद पहुंचा। कहा जा रहा है कि वह कोरोना संक्रमित थे। उसके संपर्क में आने वाले मेन ब्रांच के कुछ लोग संक्रमित हुए। इसके बाद धीर-धीरे एसबीआइ के अधिकारियों-कर्मचारियों में कोरोना वायरस फैलता गया।
अब तक 700 से ऊपर कोरोना केस
जिले में कोरोना का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आम लोगों के साथ-साथ शासन-प्रशासन के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। रविवार को 68 नए मरीज मिले। इनमें धनबाद के डीआरएम भी शामिल हैं। रविवार को मिले कुल मरीजों में 31 सिर्फ शहर के हैं। बैंकमोड़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में संक्रमित मरीजों का मिलना लगातार जारी है। अब वहां के पांच कर्मियों में संक्रमण पाया गया। जालान अस्पताल में भी दो केस मिले। इसके साथ ही जिले में कुल मरीजों की संख्या 700 से ऊपर हो गई है। वहीं एक्टिव केस 192 हो गए हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक 457 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
कोविड अस्पताल में गंदगी पर भड़के सीएम
कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल) में कोरोना मरीजों को अव्यवस्था के बीच रहना पड़ रहा है। यहां काफी गंदगी है जिसके बीच रह रहे मरीजों की तस्वीर झरिया के दीपक कुमार ने ट्विटर पर शेयर कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिकायत की। इसके बाद सीएम ने तत्काल जिला प्रशासन को साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन भी तुरंत हरकत में आया। पूरे वार्ड में साफ-सफाई कराई गई। दीपक चौधरी ने तस्वीरों के माध्यम से जिक्र किया है- कोविड- 19 अस्पताल धनबाद की हालत। आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि मरीज यहां भर्ती होने के लिए सहमत होंगे। प्रशासन को दोषियों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। अस्पताल में जगह-जगह गंदगी है। अस्पताल के बरामदे से ही दीवार के किनारे और कोने तक प्लास्टिक की बोतलें और कचरा फैला हुआ है। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता हैं कि काफी समय से यहां सफाई नहीं की गई है। संक्रमित मरीजों को यहां भर्ती कराया जाता है ताकि वे स्वस्थ होकर जाएं। ऐसी व्यवस्था में तो मरीज नया संक्रमण लेकर अपने घर जाएगा।
प्रशासन ने कहा- दो प्रबंधकों की लगाई ड्यूटी
सीएम के निर्देश के बाद डीसी उमाशंकर सिंह ने साफ-सफाई करवाई। इससे संबंधित तस्वीरें उन्होंने ट्वीट कर सीएम को रिप्लाई किया। साथ ही बताया कि इस दिशा में बीसीसीएल प्रबंधन को भी निर्देशित कर रहे हैं। दो प्रबंधकों की ड्यूटी वहां लगायी गई है।