Dhanbad Coronavirus News Update: कोरोना संक्रमित भाजपा नेता की रिम्स में माैत, अब तक धनबाद के 27 से ज्यादा लोगों को निगल गई वैश्विक महामारी
Dhanbad Coronavirus News Update कोरोना वायरस से संक्रमित मौतों को लेकर धनबाद जिला प्रशासन अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहा है। इससे सही संख्या का पता नहीं चल पा रहा है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही मौत के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं। कोरोना से मरने वालों में नया नाम धनबाद के नावाडीह में रहने वाले भाजपा का जुड़ गया है। 70 वर्षीय भाजपा नेता को रविवार को रिम्स में भर्ती कराया था। देर रात उनकी माैत हो गई। इसी के साथ धनबाद में कोरोना से मरने वालों की संख्या 27 से ज्यादा हो गई है।
भाजपा नेता ह्रदय रोग के मरीज थे। उनका इलाज नावाडीह स्थित असर्फी अस्पताल में चल रहा है। जांच के दाैरान वह कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन रिम्स रेफर कर दिया था। इलाज के दाैरान रिम्स में मृत्यु हो गई। मृतक का शव धनबाद लाया गया है। जिला प्रशासन की देख-रेख में आइसीएमआर के दिशा-निर्देशों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कोरोना वायरस से संक्रमित मौतों को लेकर धनबाद जिला प्रशासन अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहा है। मेडिकल बुलेटिन भी बंद कर दिया है। इससे मृतक और कोरोना संक्रमितों का आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पा रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की सूत्रों की मानें तो अभी तक 27 से ज्यादा मौतें धनबाद में कोरोना वायरस के कारण हुई है। हर दिन या आंकड़ा बढ़ रहा है।