कांग्रेस ने सांसद पर फोड़ा एम्स-हवाई अड्डा छीनने का ठीकरा, कहा- कुंभकरण की नींद सो रहे पीएन सिंह Dhanbad News
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि एम्स हवाई अड्डा हावड़ा-दुरंतो ट्रेन और प्रस्तावित रेडियो एफएम धनबाद से छीन गया और सांसद पीएन सिंह मौन रहे।
धनबाद, जेएनएन। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने धनबाद से मूलभूत सुविधाएं छीनने का ठीकरा सांसद पीएन सिंह पर फोड़ा है। इसमें एम्स, हवाई अड्डा, हावड़ा-दुरंतो ट्रेन और प्रस्तावित प्रसार भारती का रेडियो एफएम स्टेशन प्रमुख रूप से शामिल है। अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सांसद इन विषयों पर हमेशा मौन रहे। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से धनबाद के साथ अन्याय हो रहा है। इतनी सुविधाएं छीन जाने के बावजूद सांसद को कोई चिंता नहीं है। वे सिर्फ अपनी राजनीतिक चमका रहे हैं।
बुधवार को शहर के हाउसिंग कालोनी स्थित कार्यालय में जिला कांग्रेस की तरफ से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी। ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि धनबाद के साथ सौतेला व्यवहार होने पर भी सांसद कुंभकरण की नींद सो रहे हैं। अब धनबाद की जनता सिर्फ तमाशबीन होकर अपनी बर्बादी का मंजर नहीं देखने वाली है। छल करने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सीएमपीएफ कार्यालय को भी पं बंगाल स्थानांतरित करने की केंद्र सरकार की योजना पर चिंता व्यक्त की।
राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के महामंत्री एके झा ने कहा कि सीएमपीएफ कार्यालय कोलकाता भेजना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल धनबाद तथा झारखंड के अस्तित्व पर प्रश्न चिह्न खड़ा करेगा। हजारों मजदूरों को प्रताडि़त करने की साजिश है। जब देश का लगभग 40 फीसद कोयला धनबाद तथा कोयलांचल में है, तो सीएमपीएफ कमिश्नर का कार्यालय भी धनबाद में ही होना चाहिए। ऐसे किसी भी प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करते हैं और किसी भी कीमत पर ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता में नगर कांग्रेस अध्यक्ष सह प्रमंडल प्रवक्ता बैभव सिन्हा ने अन्याय, अनदेखी विषय पर अपनी बात रखी।