Dhanbad CO से व्हाट्सएप पर मांगे एक करोड़ रुपये, नहीं देने पर गोली मारने की धमकी; थाने में शिकायत
Dhanbad CO Ram Pravesh Kumar से व्हाट्सएप पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। नहीं देने पर जान मारने की धमकी दी गई है।

धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार को मिली धमकी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद सदर अंचलाधिकारी रामप्रवेश कुमार से व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से एक करोड़ रुपये की अवैध राशि की मांग की गई है। राशि नहीं देने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई।
इस संबंध में अंचलाधिकारी ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर की शाम करीब 7:11 बजे मोबाइल नंबर से उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप और संदेश के माध्यम से धमकी दी गई।
संदेश भेजने वाले ने एक करोड़ रुपये देने की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। महत्वपूर्ण बात है कि धमकी देनेवाला आरोपित ने राशि जमा करने के लिए एसबीआइ की राजगंज शाखा के एक बैंक खाते का नंबर भी भेजा।
अंचलाधिकारी ने शिकायत में बताया है कि धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान राजू के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को भेजे गए संदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है।
धनबाद थाना की पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संदेश भेजनेवाले मोबाइल नंबर और बताए गए बैंक खाते की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन का असर जारी, झारखंड में आज भी बारिश-आंधी; मौसम विभाग ने बताया कब मिलेगी राहत
यह भी पढ़ें- IIT(ISM) Dhanbad धनबाद ने फ्लाई ऐश से बांधों को मजबूत बनाने की तकनीक का पेटेंट हासिल किया
