विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BCCL में कोयला चोरी-अवैध खनन की शिकायतों पर CISF की कार्रवाई, चांच-विक्टोरिया क्षेत्र के दो अधिकारी बदले गए

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:30 PM (IST)

BCCL Coal Theft:डीआईजी राजीव मिश्रा के निर्देश पर कोयला चोरी और अवैध खनन की शिकायतों पर सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है।

बीसीसीएल में कोयले की चोरी के खिलाफ अभियान। (सांकेतिक फोटो)

बीसीसीएल में कोयले की चोरी के खिलाफ अभियान। (सांकेतिक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला चोरी और अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की बीसीसीएल इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है।

चांच-विक्टोरिया क्षेत्र-12 में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप महानिरीक्षक राजीव मिश्रा ने वहां तैनात उप समादेष्टा विपिन यादव और निरीक्षक राजीव कुमार को बदलने का निर्णय लिया है। दोनों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित आदेश मंगलवार को जारी कर दिया गया।

123 से अधिक शिकायतें मिलीं, सत्यापन के बाद कार्रवाई

उप महानिरीक्षक राजीव मिश्रा ने मंगलवार को दैनिक जागरण को बताया कि अब तक विभिन्न माध्यमों से कार्यालय को करीब 123 से 124 शिकायतें मिली हैं। इनमें से लगभग 70 प्रतिशत शिकायतों का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की गई है।

वहीं, करीब 30 प्रतिशत शिकायतों का कोई ठोस आधार नहीं मिलने के कारण उन पर कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि शिकायत करने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। सूचना देने वालों के नाम और पते को सुरक्षित रखा जाता है, ताकि वे बिना किसी भय के अवैध गतिविधियों की जानकारी दे सकें।

अब तक 68 मामले दर्ज

उप महानिरीक्षक ने बताया कि अब तक एमडीआर अधिनियम के तहत करीब 68 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की राष्ट्रीय संपत्ति को किसी भी सूरत में चोरी नहीं होने दिया जाएगा।

कोयला चोरी और अवैध खनन में यदि किसी अधिकारी या जवान की संलिप्तता की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चांच-विक्टोरिया क्षेत्र-12 पर विशेष नजर

चांच-विक्टोरिया क्षेत्र-12 से लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर वहां की टीम में बदलाव किया गया है। उप महानिरीक्षक ने कहा कि पूरे मामले पर हर स्तर से नजर रखी जा रही है।

जहां भी अवैध गतिविधियों की सूचना मिलती है और जांच में उसकी पुष्टि होती है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने और राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की ओर से कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- रेलवे टिकट बीमा योजना शुरू: 45 पैसे में 10 लाख का कवर, कैशलेस भुगतान पर लाभ

यह भी पढ़ें- JTET Exam लेकर जरूरी निर्देश जारी, एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र अनिवार्य