मैथन मोड़ में मुहर्रम जुलूस के दौरान आग के करतब में बच्चा घायल, इलाके में तनाव
Dhanbad News: मैथन मोड़ में मुहर्रम के जुलूस में आग का खेल दिखाते समय एक बच्चा घायल हो गया, जिसके बाद दो पक्षों में विवाद और तनाव बढ़ गया।

मुहर्रम के जुलूस में आग के खेल से घायल विराट। (फोटो जागरण)
HighLights
मुहर्रम जुलूस में आग के खेल से बच्चा घायल।
घटना के बाद दो पक्षों में बढ़ा विवाद, तनाव।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच जारी।
संवाद सूत्र, कुमारधुबी (धनबाद)। मैथन मोड़ में मुहर्रम के जुलूस में आग का खेल दिखाने के दौरान विराट यादव नामक बच्चा घायल हो गया। इसको लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते क्षेत्र में तनाव हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ अखाड़ा कमेटी जुलूस निकाल कर जीटी रोड शिवलीबाड़ी आ रही थी। जुलूस में शामिल खिलाड़ियों ने मैथन मोड़ में रुककर आग का करतब दिखाने लगे। इसी दौरान आग की चपेट में आने से मैथन मोड़ निवासी 12 वर्षीय विराट यादव घायल हो गया।
स्वजनों व स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घायल बच्चे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़ें- बोकारो में मुहर्रम मेले में युवती से विवाद के बाद दो दलित युवकों की पिटाई, पुलिस को भी भीड़ ने घेरा; तनाव
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
