विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में ईद का जश्न: रेलवे ग्राउंड में अदा की नमाज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

By Balwant Kumar Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sat, 21 Mar 2026 10:15 AM (IST)

Dhanbad Celebrates Eidः धनबाद में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोगों ने रेलवे ग्राउंड में ...और पढ़ें

धनबाद रेलवे ग्राउंड में एक-दूसरे को ईद की बधाई देते लोग।

धनबाद रेलवे ग्राउंड में एक-दूसरे को ईद की बधाई देते लोग।

HighLights

  1. धनबाद में ईद का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मना।

  2. रेलवे ग्राउंड में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की।

  3. सुरक्षा के लिए सिटी हॉक्स ने फ्लैग मार्च कर निगरानी बढ़ाई।

जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयलांचल में आज शनिवार को ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर में उत्सव का माहौल है। खासकर वासेपुर इलाके में लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

धनबाद रेलवे ग्राउंड में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने सेवइयां और मिठाइयों का आनंद लिया। बच्चों में खास उत्साह देखा गया। पूरे शहर में भाईचारे और सौहार्द का संदेश गूंज रहा है, जिससे माहौल पूरी तरह खुशनुमा बना हुआ है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

ईद को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिटी हॉक्स ने फ्लैग मार्च। यह फ्लैग मार्च वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। फ्लैग मार्च में पुलिस कंट्रोल रूम से बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने बाइक से पूरे शहर का भ्रमण किया।

फ्लैग मार्च शुरू होने से पहले डीएसपी सुमित कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से ब्रीफ किया। उन्होंने त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आम नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके बाद पुलिस बल ने बाइक रैली के रूप में फ्लैग मार्च निकाला, जो शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पूजा टॉकीज, श्रमिक चौक, बैंक मोड़, नया बाजार, वासेपुर, आजाद नगर, पांडरपला, शमशेर नगर, भरत चौक, रहमतगंज, मेमको मोड़, कुर्मीडीह, गोल बिल्डिंग, स्टील गेट, हीरापुर समेत कई घनी आबादी वाले और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस ने सघन गश्त की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहों से बचें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि ईद के दौरान पूरे शहर में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और कंट्रोल रूम को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।