जरूरमंदों के लिए भाजपा ने खोला सामुदायिक भोजनालय, सांसद-मेयर ने सफाईकर्मियों को परोसा खाना Dhanbad News
जरूरतमंदों के लिए सामुदायिक किचन शुरू किया गया। इसे मोदी आहार का नाम दिया गया है। इसके तहत तमाम रिक्शा चालकों सफाईकर्मियों गरीबों व जरूरतमंदों को भोजन कराया जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन के दाैरन गरीबों और जरूरतमदों को मदद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद से ही धनबाद के भाजपाई मोदी आहार का वितरण कर रहे थे। इसके तहत राशन दिया जा रहा था। अब भाजपा ने नई शुरूआत की है। धनबाद शहर में जरूरमंदों के लिए सामुदायिक किचन का शुभारंभ किया गया है। बुधवार को धनबाद के सांसद पीएन सिंह और धनबाद नगर निगम के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सफाईकर्मियों को भोजन प्रदान कर सामुदायिक किचन का शुभारंभ किया। पहले दिन पूड़ी, बुंदिया और सब्जी परोसा गया।
धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को जरूरतमंदों के लिए सामुदायिक किचन शुरू किया गया। इसे मोदी आहार का नाम दिया गया है। इसके तहत तमाम रिक्शा चालकों, सफाईकर्मियों, गरीबों व जरूरतमंदों को भोजन कराया जाएगा। जेसी मल्लिक रोड स्थित कार्यालय में मोदी आहार वितरण का शुभारंभ बुधवार दोपहर 12:30 बजे सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने किया। इस माैके पर मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, अजय त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। यह जानकारी भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक मुकेश पांडेय ने दी।
पांडेय ने बताया कि यहां मोदी आहार के तहत 17 मई तक आसपास के लोगों व सभी जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया जाएगा।