Dhanbad BJP: जिला कमेटी में नुमाइंदगी के लिए लग रही बोली, सोशल मीडिया पर पोस्ट से हलचल
झारखंड भाजपा ने करीब दो महीने पहले चंद्रशेखर सिंह को दूसरी बार धनबाद जिला भाजपा का अध्यक्ष मनोनीत किया। दो महीने बाद भी कमेटी घोषित नहीं होने से तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। सोशल मीडिया पर एक बार फिर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति में हलचल मचा दी है। पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता सत्येंद्र प्रकाश पांडेय ने खुलेआम जिला कमेटी में पदाधिकारी बनाने के नाम पर घूस लेने की बात कही है। पांडेय के इस कथन पर जिला समिति के सदस्य रह चुके लोगों ने भी सहमति जताई है। पांडेय ने अपने पोस्ट में लिखा है कि किसी भी पार्टी में टिकट के लिए घूस की बात सुने थे, अब तो जिला में पार्टी पद के लिए भी घूस लेने की चर्चा सुनने को मिल रही है।
झारखंड प्रदेश भाजपा ने करीब दो महीने पहले चंद्रशेखर सिंह को दूसरी बार धनबाद जिला भाजपा का अध्यक्ष मनोनीत किया। दो महीने बाद भी जिला कमेटी घोषित नहीं होने से तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। पांडेय की बात का समर्थन करते हुए पार्टी के पुराने नेता उमेश सिंह ने कमेंट किया है। पहले उन्होंने एक शब्द में ऑक्शन लिखा, और फिर लिखा - इसीलिए तो कमेटी की घोषणा में देरी हो रही है। भाजपा के चार दशक पुराने कार्यकर्ता अशोक सिन्हा ने भी समर्थन करते हुए लिखा है कि- जो पैसा देकर पदाधिकारी बन रहे हैं, वैसे ही लोग नेता और पार्टी को बेच देते हैं।
पांडेय के इस पोस्ट की चर्चा पार्टी कार्यकर्ताओं में व्यापक रूप से है। सांसद समर्थक रहे पांडेय ने पार्टी में जातिवाद पर भी कई पोस्ट लिख चुके है। पांडेय और भूली के पुराने कार्यकर्ता सत्येंद्र ओझा कमेटी गठन की प्रक्रिया में लगातार पार्टी पदाधिकारियों को निशाने पर लेते रहे हैं। चर्चा है कि ऐसा भूली मंडल कमेटी के समीकरण को लेकर किया जा रहा है।