BITS Pilani Admission Fraud: प्रबंधन कोटा में दाखिला दिलाने के नाम पर 4.17 लाख की ठगी, तीन पर एफआइआर
BITS Pilani Admission Fraud: धनबाद में बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान पिलानी में प्रबंधन कोटा से नामांकन दिलाने के नाम ...और पढ़ें

बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान पिलानी। (फाइल फोटो)
HighLights
बिरला पिलानी में प्रबंधन कोटा नामांकन के नाम पर ठगी।
पीड़ित से 4.17 लाख रुपये ठगे, फिर वसूली की धमकी।
धनबाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों पर FIR दर्ज की।
जागरण संवाददाता, धनबाद। प्रबंधन कोटा के जरिए बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान पिलानी में नामांकन दिलाने का झांसा देकर 4.17 लाख रुपये की ठगी और बाद में धमकी देकर वसूली करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रानीबांध धैया निवासी असित झुनझुनवाला की शिकायत पर धनबाद थाना में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि ज्ञानेश बावेजा, गौरव बावेजा और गुनिता बावेजा ने मिलकर उनके पुत्र का नामांकन कराने के नाम पर साजिश रची और अलग-अलग तिथियों में कुल 4,17,700 रुपये अपने बैंक खाता में जमा करा लिए।
आरोपितों ने अक्टूबर 2025 तक नामांकन कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतने के बाद मुकर गए। पीड़ित के अनुसार, रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने धमकी देना शुरू कर दिया और पहले लिए गए कागजात लौटाने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की।
दबाव में आकर पीड़ित ने एक लाख रुपये नकद भी दे दिए, इसके बावजूद नौ लाख रुपये और देने की मांग की जा रही है। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी, ठगी, धमकी देकर वसूली और रंगदारी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।